I.N.D.I.A Meeting, नई दिल्ली: कांग्रेस, विपक्षी गठबंधन इंडिया ब्लॉक को लेकर एक बार फिर एक्टिव हुई है। पार्टी ने तकरीबन दो वर्ष बाद गठबंधन के सीनियर नेताओं की एक बैठक बुलाई है। सूत्रों के अनुसार दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में 8 जून को यह महत्वपूर्ण मीटिंग हो सकती है।
केंद्र सरकार को घेरने की रणनीति पर होगी बातचीत
कांग्रेस नेता राहुल गांधी, टीएमसी प्रमुख व पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और समाजवादी पार्टी (सपा) चीफ अखिलेश यादव और शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे समेत कई बड़े नेता बैठक में शामिल हो सकते हैं। मीटिंग में सीबीएसई से जुड़े मामलों के अलावा नीट पेपर लीक और ईंधन की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार को घेरने की रणनीति पर बातचीत होगी। ममता बनर्जी पश्चिम बंगाल में टीएमसी नेताओं पर हुए कथित हमलों व इंडिया ब्लॉक के दलों का समर्थन जुटाने की कोशिश कर सकती हैं।
विपक्षी एकजुटता को मजबूत करने पर भी होगी चर्चा
सूत्रों के अनुसार भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली सरकार के खिलाफ विपक्षी एकजुटता को मजबूत करने की संयुक्त रणनीति पर भी बैठक में चर्चा होगी। इसके अलावा कई राज्यों में बदलते राजनीतिक समीकरणों और हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों पर भी मीटिंग में बातचीत हो सकती है।
टीवीके और आप बना सकती हैं दूरी
तमिलनाडु की पार्टी डीएमके बैठक से दूरी बना सकती है। इसका कारण कांग्रेस का टीवीके को समर्थन देना हो सकता है। सूत्रों के मुताबिक हालांकि टीवीके को मीटिंग में शामिल करवाने का प्रयास किया जा रहा है। दूसरी तरफ आम आदमी पार्टी (आप) ने इंडिया गठबंधन से पहले ही दूरी बना ली है। आप ने सार्वजनिक तौर पर ऐलान किया था कि वह गठबंधन में शामिल नहीं होंगे।
23 जून 2023 को हुई थी गठबंधन की पहली बैठक
बता दें कि इंडिया गठबंधन की पहली बैठक 23 जून 2023 को जेडीयू प्रमुख और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मेजबानी में पटना में हुई थी। इस मीटिंग में 15 विपक्षी पार्टियां शामिल हुई थीं। 2024 के लोकसभा चुनाव में मोदी सरकार का सामना करने के लिए विपक्ष को एक साथ लाने के लिए यह बैठक बुलाई गई थी।
यह भी पढ़ें: I.N.D.I.A Block Meeting: संसद के मानसून सत्र से पहले कल वर्चुअल बैठक करेगा इंडिया ब्लॉक

