Seemapuri Building Collapse News: दिल्ली के सीमापुरी इलाके में बुधवार को एक बहुमंजिला रिहायशी इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे में चार महीने की गर्भवती महिला और दो बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मलबे में लोगों के फंसे होने की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, दमकल विभाग समेत राहत-बचाव के लिए कई टीमें मौके पर पहुंचीं और बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। अधिकारियों के मुताबिक मलबे से कुल 11 लोगों को निकाला गया है।
तंग गलियों में चला रेस्क्यू ऑपरेशन
यह हादसा न्यू सीमापुरी में ईदगाह मछली मंडी के पास बुधवार दोपहर करीब 3:30 बजे हुआ। शुरुआती सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस की गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं। तंग गलियों और मलबे के बीच बचाव अभियान चलाना चुनौतीपूर्ण रहा। स्थानीय लोग भी राहत टीमों के साथ मलबा हटाने में मदद करते नजर आए। पुलिस के अनुसार हादसे में मरने वालों में 21 वर्षीय गुलफशा शामिल हैं, जो करीब चार महीने की गर्भवती थीं। उनके अलावा करीब 12 साल की एक बच्ची और लगभग डेढ़ साल के एक बच्चे की भी मौत हुई। शुरुआती जानकारी में दोनों बच्चों की पहचान नहीं हो सकी थी।
हादसे में घायलों का इलाज जारी
अधिकारियों के मुताबिक मलबे से निकाले गए आठ घायलों को इलाज के लिए राजीव गांधी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल, ताहिरपुर भेजा गया। घायलों में मोमिन मिर्जा (56), अबदान (3), अब्दुल रहमान (28), देवरुद्दीन (28), सलमा (50), छोटे (34), सकीना (35) और समद (30) शामिल हैं। हादसे के बाद शुरुआत में कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई गई थी। बचाव दलों ने मलबे को सावधानी से हटाकर लोगों की तलाश शुरू की। शाम तक अधिकारियों ने बताया कि 11 लोगों को मलबे से निकाला जा चुका था, जिनमें आठ घायल थे। घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया। बचाव अभियान में दिल्ली पुलिस और फायर सर्विस के अलावा NDRF, DDMA और MCD की टीमें भी शामिल रहीं। भारी मलबे को हटाने के लिए मशीनों का इस्तेमाल किया गया।
भूकंप से कमजोर हुई थी इमारत
हादसे के बाद इमारत गिरने की वजह को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। 6 अक्टूबर की रात आए भूकंप के झटकों के बाद इमारत में दरारें दिखाई दी थीं। इसी वजह से यह आशंका जताई जा रही है कि भूकंप से इमारत की संरचना कमजोर हुई हो सकती है। हालांकि, अभी तक यह साबित नहीं हुआ है कि इमारत गिरने की सीधी वजह भूकंप ही था। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार 6 अक्टूबर को रात 10:23 बजे चमोली, उत्तराखंड में 4.9 तीव्रता का भूकंप आया था। भूकंप की गहराई 13 किलोमीटर दर्ज की गई। इसके झटके दिल्ली-NCR तक महसूस किए गए थे।
मस्जिद की दीवार भी प्रभावित
MCD के अनुसार मुख्य इमारत के गिरने के साथ बगल की एक इमारत की दीवारें भी क्षतिग्रस्त हुईं। इसके अलावा पास की एक मस्जिद की चारदीवारी का कुछ हिस्सा भी हादसे के प्रभाव से गिर गया। इससे आसपास के इलाके में सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई। प्रशासन ने घटनास्थल के आसपास लोगों की आवाजाही को नियंत्रित किया, ताकि बचाव दल और एंबुलेंस को किसी तरह की परेशानी न हो। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने भी लोगों से प्रभावित क्षेत्र से बचने और राहत एवं बचाव वाहनों को रास्ता देने की अपील की।

