Anand Parbat Accident: राजधानी दिल्ली के मध्य इलाके आनंद पर्वत में शनिवार सुबह एक DTC बस की टक्कर से बड़ा सड़क हादसा हो गया। बेकाबू बस ने कई लोगों और वाहनों को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
आनंद पर्वत तिराहे पर सुबह हुआ हादसा
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, हादसा शनिवार सुबह करीब 9:30 से 10 बजे के बीच आनंद पर्वत तिराहे के पास हुआ। बताया जा रहा है कि DTC बस ने कई वाहनों को टक्कर मार दी। इस दौरान दो स्कूटी और एक ई-रिक्शा क्षतिग्रस्त हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि एक स्कूटी बस के नीचे फंस गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई गई है।
#WATCH दिल्ली: आनंद पर्वत इलाके में एक DTC बस ने लोगों को टक्कर मार दी। इसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और कई लोग घायल हुए हैं। मामले में अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है। https://t.co/VCAzPrgYd8
— ANI_HindiNews (@AHindinews) October 17, 2026
महिला चालक हादसे के बाद हुई फरार
घटना के बाद सामने आए प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के अनुसार बस एक महिला चला रही थी। हादसे के बाद महिला चालक मौके से फरार हो गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बस चालक ने वाहन पर नियंत्रण कैसे खोया और दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई।
नाराज लोगों ने बस में तोड़फोड़-आगजनी की
दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। हादसे से नाराज कुछ लोगों ने बस पर पथराव किया, जिससे उसके शीशे क्षतिग्रस्त हो गए। बस में आग लगाए जाने की भी जानकारी भी सामने आई है। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर स्थिति संभालने और जांच आगे बढ़ाने की कार्रवाई की। इस दौरान क्षतिग्रस्त वाहनों और दुर्घटनास्थल की जांच की गई। जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की वजह साफ हो सकेगी।

