Delhi NCR Traffic Advisory: दिल्ली में मंगलवार का दिन गहमागहमी से भरा होने की उम्मीद है। 21 जुलाई को संसद के मानसून सत्र का दूसरा दिन है और कॉकरोच जनता पार्टी का प्रोटेस्ट भी चल रहा है। इधर पंजाब से हजारों किसान महापंचायत के लिए दिल्ली कूच रहे हैं। इसी को देखते हुए पुलिस ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। किसान महापंचायत, कॉकरोच जनता पार्टी का प्रोटेस्ट और संसद सत्र के बीच राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। दिल्ली पुलिस ने सभी बॉर्डर इलाकों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे के गाजीपुर बॉर्डर पर बैरिकेडिंग और पुलिस बल की तैनाती की गई है। मंगलवार को राजधानी में लोगों को भारी ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ सकता है। ट्रैफिक जाम को देखते हुए पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है।
दिल्ली के इन इलाकों से बचने की सलाह
किसान महापंचायत के साथ-साथ संसद के मानसून सत्र और CJP के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों को सेंट्रल दिल्ली के कई हिस्सों में जाने से बचने की सलाह दी है। पुलिस ने लोगों से इंडिया गेट, कनॉट प्लेस, जनपथ, राष्ट्रपति भवन और संसद के आसपास के इलाकों में जाने से बचने की सलाह दी है। प्रदर्शन और सुरक्षा इंतजामों के कारण कुछ मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन और धीमी आवाजाही की स्थिति बन सकती है। यात्रियों को वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने और मेट्रो को प्राथमिकता देने की सलाह दी गई है।
TRAFFIC ADVISORY
In view of the Demonstration/Protest/Rally at Kishan Ghat, New Delhi on 21.07.2026, traffic restrictions and diversions may be imposed from 08:30 AM onwards on need basis.
Commuters are advised to avoid the affected routes around Satyagrah Marg, Velodrome… pic.twitter.com/na6iMqdIhR
— Delhi Traffic Police (@dtptraffic) July 20, 2026
गाजीपुर बॉर्डर पर भारी पुलिस बल की तैनाती
भारत-अमेरिका प्रस्तावित ट्रेड डील के विरोध में किसान संगठनों ने 21 जुलाई को दिल्ली के किसान घाट पर महापंचायत का आह्वान किया है। पंजाब सहित कई राज्यों के किसान इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए दिल्ली की ओर बढ़ रहे हैं। किसान महापंचायत को देखते हुए गाजीपुर बॉर्डर पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं और दिल्ली में प्रवेश करने वाले वाहनों की जांच की जा रही है। सुबह के समय यहां ट्रैफिक दबाव बढ़ने की सूचना मिली, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बॉर्डर पर अतिरिक्त बैरिकेड लगाए गए हैं, ताकि ट्रैफिक को कंट्रोल किया जा सके।
सिंघु और टिकरी बॉर्डर पर भी सुरक्षा बढ़ी
गाजीपुर के अलावा दिल्ली के अन्य प्रमुख बॉर्डर्स पर भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। सिंघु और टिकरी बॉर्डर समेत कई इलाकों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई गई है। पुलिस ने दिल्ली आने-जाने वालों को सलाह दी है कि वे गाजीपुर, सिंघु और टिकरी बॉर्डर की तरफ जाने से पहले ट्रैफिक स्थिति जांच लें। सेंट्रल दिल्ली और संसद क्षेत्र की ओर जाने से बचें। लंबी दूरी की यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर निकलें। पुलिस द्वारा जारी ट्रैफिक अपडेट का पालन करें। किसान महापंचायत, संसद सत्र और अन्य प्रदर्शनों को देखते हुए राजधानी के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ाई गई है। अधिकारियों का कहना है कि आम लोगों को कम से कम परेशानी हो, इसके लिए ट्रैफिक मैनेजमेंट पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

