Juckerberg on personal AI: Meta के फाउंडर और सीईओ मार्क जुकरबर्ग ने दुनियाभर में AI को लेकर एक चौंकाने वाली बात कही है। उन्होंने कहा कि अगले पांच वर्षों में दुनियाभर में अरबों लोगों के पास पर्सनल AI एजेंट होंगे। उन्होंने कहा कि फाइनेंस, हेल्थ, इंटरपर्सनल रिलेशन और परिवारों के मैनेजमेंट में ये एजेंट उनकी मदद करेंगे।
चौबीसों घंटे काम करेंगे एजेंट
जुकरबर्ग ने तिमाही नतीजों की घोषणा करने के दौरान निवेशकों से कहा, “मुझे लगता है कि अगर आप पांच साल बाद देखें तो यह बेहद संभव है कि आपके पास ऐसे अरबों लोग होंगे जिनके पास एक व्यक्तिगत एजेंट होगा, जो आपके लक्ष्यों को समझता हो और उन्हें हासिल करने के लिए चौबीसों घंटे आपकी ओर से काम कर रहा हो। चाहे वह कोई भी क्षेत्र हो जिसमें आपकी रुचि हो।”
इन क्षेत्रों में लेंगे मदद
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में लोग फाइनेंस, हेल्थ, इंटरपर्सनल रिलेशन और परिवारों के मैनेजमेंट में इन एजेंटों की मदद ले सकते हैं। उन्होंने कहा, ”अगर हम भविष्य पर गौर करें, तो हम कई एजेंटों से इंटरैक्ट कर रहे होगें। मुझे लगता है कि WhatsApp और अन्य मैसेजिंग प्लेटफॉर्म और ज्यादा अहम होने जा रहा है। WhatsApp पहले से ही एक ऐसा प्लेटफॉर्म है जिस पर लोग Meta AI से इंटरैक्ट करते हैं।”
AI से उम्मीदें बढ़ीं
सिर्फ सवालों के जवाब देने के बजाय किसी व्यक्ति की तरफ से काम करने वाले AI सिस्टम से जुड़ी ऊंची उम्मीदें रखने के मामले में Meta अकेली कंपनी नहीं है। Google ने अपने सर्च सिस्टम में बड़े बदलाव के दौरान कस्टम AI एजेंट को एक अहम नए फीचर के तौर पर पेश किया, जिससे यूजर्स नाराज हो गए। उन्हें लगा कि गूगल पर लगातार AI रिजल्ट की भरमार से वे परेशान हो रहे हैं। वहीं दूसरी ओर, एंथ्रोपिक के ‘क्लाउड’ (Claude) के सब्सक्रिप्शन में जबरदस्त उछाल आया है, क्योंकि इंजीनियर इसके ‘एजेंटिक कोडिंग असिस्टेंट’ ‘क्लाउड कोड’ (Claude Code) को बहुत पसंद कर रहे हैं।

