Pure Gold Identification: फेस्टिव सीजन शुरू हो गया है। इस सीजन में खासकर दीवाली में धनतेरस के मौके पर लोग सोने-चांदी की खूब खरीदारी करते हैं। सोना महंगा है, तो जाहिर है कि इसकी शुद्धता की पहचान करना पहले से ज्यादा जरूरी हो गया है। आप लाखों का सोना खरीदें और बाद में पता चले कि आपका सोना शुद्ध नहीं था। ऐसी परिस्थितियों से बचने के लिए हम इस रिपोर्ट में आपको कुछ टिप्स बता रहे हैं, जिनकी मदद से आप सोने की शुद्धता की पहचान कर सकेंगे।
सोने की शुद्धता की करें जांच
अगर आप सोना खरीद रहे हैं, तो सबसे पहले हॉलमार्क को देख सकते हैं। हॉलमार्क से पता चलता है कि सोने की गुणवत्ता की जांच की गई है और उसे तय मानकों के अनुसार प्रमाणित किया गया है। भारत में सोने की शुद्धता का यह प्रमाणन भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) जारी करता है। लेकिन कभी-कभी केवल हॉलमार्क देखकर संतुष्ट होना सही नहीं है। कुछ मामलों में गहनों पर नकली हॉलमार्क भी लगाया जा सकता है। इसलिए सोने की असली शुद्धता का पता लगाने के लिए हॉलमार्क की सही तरीके से जांच करना और खरीदारी के समय सतर्क रहना जरूरी है।
हॉलमार्क को कैसे करें वेरिफाई
सोने की शुद्धता की सही जानकारी पाने के लिए हॉलमार्क यूनिक आइडेंटिफिकेशन (HUID) कोड की मदद ली जा सकती है। यह छह अंकों का खास कोड होता है, जो BIS हॉलमार्क वाली सोने की ज्वेलरी पर दर्ज रहता है। ग्राहक BIS केयर मोबाइल ऐप या आधिकारिक वेबसाइट के जरिए इस कोड की जांच कर गहने की जानकारी और उसकी शुद्धता की जांच कर सकते हैं।
अपने फोन से भी कर सकते हैं जांच
सोने के गहने खरीदने से पहले उनकी शुद्धता और असली होने की जांच HUID कोड के जरिए ऑनलाइन की जा सकती है। इसके लिए कुछ आसान स्टेप्स अपनाने होंगे, जिनकी मदद से ग्राहक गहने पर दिए गए HUID नंबर को वेरिफाई कर सकते हैं। इससे खरीदारी से पहले सोने की सही जानकारी मिल सकेगी और नकली गहने खरीदने का खतरा कम होगा।
स्टेप 1: सबसे पहले सोने के गहने पर 6 अंकों का अल्फान्यूमेरिक HUID कोड देखें। यह आमतौर पर BIS के लोगो, सोने की प्योरिटी (जैसे 22K या 18K) और ज्वेलर के पहचान चिह्न के पास दर्ज होता है।
स्टेप 2: अपने एंड्रॉयड फोन में Google Play Store या आईफोन में Apple App Store खोलें और आधिकारिक BIS Care ऐप डाउनलोड करें। इस ऐप की मदद से हॉलमार्क वाले सोने के गहनों की जानकारी जांची जा सकती है।
स्टेप 3: ऐप खोलने के बाद होम स्क्रीन पर ‘Verify HUID’ ऑप्शन चुनें। इसके बाद, अपने गहने पर लिखा छह अंकों का कोड ध्यान से दर्ज करें।
स्टेप 4: कोड दर्ज करने के बाद ऐप पर उपलब्ध जानकारी देखें। इसमें ज्वेलर के रजिस्ट्रेशन, हॉलमार्किंग की तारीख, हॉलमार्किंग सेंटर और सोने की शुद्धता से जुड़ी जानकारी मिल सकती है।
स्टेप 5: ऐप में दिखाई गई जानकारी को गहने पर लिखे हॉलमार्क और ज्वेलर की रसीद से मिलाकर देख लें। अगर कोई जानकारी अलग हो, तो खरीदने से पहले दुकानदार से पूछें।
अगर आपके पास बिना हॉलमार्क वाले सोने के गहने हैं और आप उनकी शुद्धता जानना चाहते हैं, तो इसके लिए BIS से मान्यता प्राप्त जांच केंद्र पर जा सकते हैं। यहां तय शुल्क देकर सोने की जांच कराई जा सकती है। इससे आपको पता चल सकेगा कि आपके गहने में कितना शुद्ध सोना है।

