Haryana News: हरियाणा के नूंह से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। नगीना क्षेत्र में रविवार को घरेलू कलह से परेशान एक महिला ने अपने दो मासूम बच्चों के साथ कुएं में छलांग लगा दी। हादसे में दोनों बच्चों की मौत हो गई, जबकि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे उपचार के लिए मंडीखेड़ा अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घरेलू कलह से थी परेशान
पुलिस ने बताया कि नगीना के रहने वाले उस्मान की पत्नी समरीन पारिवारिक विवाद से परेशान थी। रविवार को उसने अपने तीन और पांच वर्षीय बच्चों के साथ गांव के एक कुएं में छलांग लगा दी। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। हादसे में दोनों बच्चों की मौत हो गई। ग्रामीणों की मदद से महिला को कुएं से बाहर निकालकर तत्काल मंडीखेड़ा अस्पताल पहुंचाया गया। वहां उसका उपचार जारी है।
पुलिस कर रही जांच
स्थानीय लोगों के अनुसार, महिला ने घरेलू कलह से परेशान होकर यह कदम उठाया। हालांकि, पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।


