नई दिल्ली. फुटबॉल की दुनिया में इस समय शोक की लहर है. इटली और एसी मिलान के महान फुटबॉलर फ्रेंको बारेज़ी का शुक्रवार, 31 जुलाई को 66 साल की उम्र में निधन हो गया. जानकारी के मुताबिक उनकी तबीयत काफी समय से खराब चल रही थी. वह बीमारी से जूझ रहे थे. एसी मिलान ने फ्रेंको के निधन की खबर मिलने के बाद अपने इस महान कप्तान को श्रद्धांजलि दी. एक भावुक संदेश में कहा गया कि फ्रेंको बारेजी एक ऐसा नाम है जो हमेशा ही इस क्लब की पहचान बने रहेंगे.
फुटबॉल इतिहास के सबसे महान डिफेंडरों में फ्रेंको बारेजी का नाम लिया जाता है. इस महान खिलाड़ी ने अपने फुटबॉल करियर के दौरान ज्यादातर समय एसी मिलान के साथ बिताया. उस क्लब के लिए हासिल की गई उपलब्धि की बात करें तो उन्होंने छह सीरी ए खिताब जीता. एसी मिलान को तीन यूरोपीय कप (अब UEFA चैंपियंस लीग) जिताने में अहम भूमिका निभाई. साल 1997 में उन्होंने जब फुटबॉल को अलविदा कहा तो इस क्लब की तरफ से 719 मैच खेल चुके थे. जिस नंबर 6 की जर्सी पहनकर फ्रेंको एसी मिलान क्लब की तरफ से खेला करते थे एसी मिलान ने उसे भी उनके साथ ही सम्मान में रिटायर करने का फैसला लिया.
La Storia del Milan è in lacrime per la scomparsa di Franco Baresi. Il suo esempio e la sua profondità saranno, per sempre come la sua maglia numero 6, parte integrante e fondamentale del DNA e del cammino di tutto il Club. Le condoglianze che AC Milan porge alla famiglia tutta… pic.twitter.com/a8wNOCUc2o
— AC Milan (@acmilan) July 31, 2026
1982 विश्व कप विजेता टीम का हिस्सा थे
लंबे समय तक इटली की फुटबॉल टीम का अहम हिस्सा रहे फ्रेंको बारेज़ी साल 1982 में स्पेन में आयोजित फीफा विश्व कप जीतने खेला था. टीम को वर्ल्ड चैंपियन बनाने में अहम योगदान दिया. अपने शानदार डिफेंस से टीम को कई मैच में यादगार जीत दिलाने वाले फ्रेंको ने कई सालों तक टीम की कमान भी संभाली. उनकी कप्तानी में इटली की टीम ने साल 1990 विश्व कप के सेमीफाइनल और 1994 विश्व कप के फाइनल तक का सफर तय किया था.

