LIC Stake sell: केंद्र सरकार भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) में अपनी हिस्सेदारी घटाने जा रही है। सरकार LIC में 6.5% हिस्सेदारी बेचेगी, जिसकी कीमत 35,000 करोड़ रुपये है। यह बिक्री मंगलवार और बुधवार को ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए होगी। बेस ऑफर, कंपनी के कुल इक्विटी कैपिटल की 2.5% हिस्सेदारी के लिए है, जबकि बाकी 4% के लिए ग्रीन शू ऑप्शन है। LIC ने शेयर बाजार को यह जानकारी दी।
मिल रहा 10% डिस्काउंट
कंपनी 382 रुपये प्रति शेयर के बेस प्राइस पर अपने शेयर ऑफर कर रही है। BSE पर कंपनी का शेयर सोमवार को 424 रुपये पर बंद हुआ था, इस तरह प्रति शेयर 10% का डिस्काउंट दिया जा रहा है। अगर 6.5% हिस्सेदारी की बिक्री ऑफर के जरिए की जाती है, तो सरकार को 34,000 करोड़ रुपये मिलेंगे। इससे यह इश्यू, भारत में OFS के जरिए अब तक का सबसे बड़ा विनिवेश होगा।
MPS के पालन में मिलेगी मदद
DIPAM के सचिव अरुणिष चावला ने X पर एक पोस्ट में कहा कि हिस्सेदारी में बिक्री से LIC को शेड्यूल से पहले मिनिमम पब्लिक शेयरहोल्डिंग (MPS) नॉर्म का पालन करने में मदद मिलेगी। वर्तमान में लाइफ इंश्योरेंस कंपनी में पब्लिक शेयरहोल्डिंग 3.5% है और OFS के बाद बढ़कर 10% हो जाएगी। सचिव ने कहा, ”सरकार के पास मौजूद हिस्सेदारी की बिक्री से शेड्यूल से पहले एमपीएस मानदंड को हासिल करने में मदद मिलेगी।”
दूसरे दिन रिटेलर खरीदेंगे शेयर
OFS में ऑफर के पहले दिन यानी मंगलवार को गैर-खुदरा निवेशक बोली लगाएंगे, जबकि बुधवार को खुदरा निवेश बोली लगाएंगे। कंपनी के डिस्क्लोजर के मुताबिक, सरकार LIC के 31.6 करोड़ शेयर बेच रही है, जो कुल शेयर का 2.5% है। अगर LIC के शेयर की शुरुआती मांग बेस ऑफर को पार कर जाती है, तो सरकार 50.6 करोड़ अतिरिक्त शेयर बेचेगी, जो कुल शेयर का 2.5% है।

