सैंकड़ों सड़कें बद, यातायात प्रभावित, बुनियादी ढांचे को पहुंचा नुकसान
Weather Update (द भारत ख़बर), नई दिल्ली : उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में मानसून लगातार एक्टिव है और बारिश कहर बरपा रही है। एक तरफ जहां मैदानी राज्यों में मानसून थोड़ा कमजोर हो चुका है वहीं पहाड़ी राज्यों में अभी राहत मिलती दिखाई नहीं दे रही। यही कारण है कि जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में भारी बारिश और बादल फटने की घटनाएं लगातार सामने आ रहीं हैं। भारतीय मौसम विभाग द्वारा जारी किए गए बुलेटिन के अनुसार आने वाले 24 घंटे में भी इन हिमालयीय राज्यों में भारी बारिश का दौर जारी रहेगा।
सामान्य जनजीवन बुरी तरह प्रभावित
जम्मू-कश्मीर में बादल फटा, हिमाचल प्रदेश में आंधी-तूफान के साथ बारिश हुई। इसके अलावा उत्तराखंड में भूस्खलन और बारिश से सैकड़ों सड़कें बंद हो गईं। उत्तराखंड सबसे अधिक प्रभावित हुआ, जहां कई जिलों में भूस्खलन, सड़कें बंद होने, नदियों का जलस्तर बढ़ने और बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है। मौसम विभाग (आईएमडी) ने हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर और उत्तराखंड में अगले 24 घंटे में भारी बारिश, भूस्खलन और अचानक बाढ़ का खतरा जताते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
देश के 70 प्रतिशत बादल गायब
मौसम विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, देश के 70% हिस्से से मानसून के बादल गायब होने के पीछे सबसे बड़ी वजह मानसून को सक्रिय रखने वाले सिस्टम का कमजोर पड़ना है। 9 जुलाई के बाद बंगाल की खाड़ी में कोई नया मजबूत लो-प्रेशर सिस्टम नहीं बना, जिससे मानसूनी हवाओं को पर्याप्त नमी नहीं मिल सकी। इसके साथ ही मानसून ट्रफ भी अपनी सामान्य स्थिति से उत्तर की ओर खिसक गई है।
इसकी वजह से मध्य, पश्चिम और दक्षिण भारत के बड़े हिस्से में बादल और बारिश की गतिविधियां काफी कम हो गई हैं। फिलहाल बारिश मुख्य रूप से उत्तर भारत, पूर्वी राज्यों और पूर्वोत्तर तक सीमित है। आईएमडी का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों तक देश के अधिकांश हिस्सों में मानसून के फिर से एक्टिव होने की संभावना कम है। विभाग का अनुमान है कि प्रशांत महासागर में 3 नए सिस्टम बन रहे हैं, अगर इनमें से एक भी बंगाल की खाड़ी तक पहुंच गया तो मानसून फिर से एक्टिव हो सकता है।
उत्तराखंड में 100 से ज्यादा सड़कें बंद
उत्तराखंड में बारिश के बाद सड़कों पर जगह-जगह पत्थर गिरने और मलबा आने से 100 सड़के बंद हैं। इसमें अधिकतर सड़कें ग्रामीण क्षेत्रों की हैं। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक देहरादून में 10 ग्रामीण मार्ग बंद हैं। बंद रास्तों को खोलने का प्रयास किया जा रहा है। उधर मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से सोमवार को प्रदेश के पर्वतीय जिलों के कुछ इलाकों में भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया है।
ये भी पढ़ें : Himachal Weather : आज से 16 जुलाई तक हिमाचल में बारिश का अलर्ट

