आपातकाल लगाए जाने के करीब 5 दशक बाद एनसीईआरटी ने पहली बार 9वीं की किताब में आपातकाल के चैप्टर को शामिल किया
Emergency, (द भारत ख़बर), नई दिल्ली: आपातकाल लगाए जाने के करीब 5 दशक बाद एनसीईआरटी ने पहली बार 9वीं के किताब में आपातकाल के चैप्टर को शामिल किया है। किताब में इसे भारतीय लोकतंत्र के सामने आई प्रमुख चुनौतियों में से एक बताया गया है। राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) ने नौवीं कक्षा के लिए जारी सामाजिक विज्ञान की नई पाठ्यपुस्तक में आपातकाल को प्रमुखता से जगह दी है।
आपातकाल 21 महीने लागू रहा था। पाठ्यपुस्तक में छात्रों को लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में मीडिया की भूमिका भी पढ़ाई जाएगी। देश में 25 जून, 1975 की रात में तत्कालीन प्रधानमंत्री ने आपातकाल लगाने का एलान किया था और गुरुवार यानी की आज इसकी बरसी भी है।
जयप्रकाश नारायण के आंदोलन का भी जिक्र
एनसीईआरटी ने सामाजिक विज्ञान की अपनी नई पाठ्यपुस्तक ‘अंडरस्टैंडिंग सोसायटी : इंडिया एंड बियांड’ में लोकतंत्र के सामने चुनौतियों से जुड़े पाठ में पेज नंबर-155 पर आपातकाल को जगह दी है। इसमें बताया गया है कि यह कब लगाया गया था और कब तक लागू था। आम लोगों के मौलिक अधिकारों को किस तरह से खत्म किया गया था और इस दौरान चलाए गए जयप्रकाश नारायण के आंदोलन का भी इसमें जिक्र है।
इन विषयों को हटाया गया
यह पाठ्यपुस्तक राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) व राष्ट्रीय पाठ्यचर्या रूपरेखा के अनुरूप तैयार की गई है। इस नई पुस्तक में भारतीय सभ्यता, सांस्कृतिक विरासत आदि को अधिक महत्व दिया गया है। वहीं यूरोप-केंद्रित विषयवस्तु को सीमित कर दिया गया है। इतिहास में प्रमुखता से पढ़ाई जाने वाली फ्रांसीसी क्रांति, यूरोप में समाजवाद और रूसी क्रांति, नाजीवाद व हिटलर का उदय, उपनिवेशवाद जैसे अध्याय हटा दिए गए हैं।
हड़प्पा, मेसोपोटामिया, मिस्र और चीन की प्राचीन सभ्यता जैसे विषय किए गए शामिल
नई पाठ्यपुस्तक में छात्रों को जो पढ़ने को मिलेगा, उनमें से हड़प्पा, मेसोपोटामिया, मिस्र, चीन की प्राचीन सभ्यता जैसे विषय शामिल हैं। जिसमें उन्हें इन प्राचीन सभ्यताओं का कालक्रम और भौगोलिक विस्तार पढ़ने को मिलेगा। इसके साथ ही सुमेरियन सभ्यता की सिंचाई व्यवस्था, निर्माण कार्य और सामाजिक संगठन के बारे में जानने का मौका मिलेगा।
ये भी पढ़ें: पासपोर्ट को नागरिकता का ढाल नहीं बना सकते, यह सिर्फ एक ट्रैवल डॉक्यूमेंट

