नई दिल्ली. बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज के दूसरे विकेट में कातिलाना गेंदबाजी का फायदा ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क को मिला है. उन्होंने पहली बार टेस्ट करियर में ICC गेंदबाजी रैंकिंग में नंबर-1 स्थान पर कब्जा जमाया है. मैकेय में खेले गए मैच के दौरान दोनों पारियों को मिलाकर उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ कुल 10 विकेट चटकाए थे. दो टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मैच हारने के बाद इस प्रदर्शन के दम पर कंगारू टीम ने पारी और 51 रन से जीत दर्ज की थी.
आईसीसी की हर हफ्ते आने वाली रैंकिंग जारी कर दी गई है. इसमें सबसे बड़ा फायदा ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी गेंदबाज मिचेल स्टार्क को मिला है.उन्होने नंबर एक की कुर्सी से भारतीय टीम के स्टार जसप्रीत बुमराह को हटा दिया है. उन्होंने न्यूजीलैंड के मैट हेनरी और भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को पीछे छोड़कर यह टॉप पोजिशन हासिल किया. स्टार्क के पास बुमराह से 10 रेटिंग अंक अधिक हैं. बांग्लादेश के खिलाफ सीरीज के दूसरे टेस्ट मैच में स्टार्क ने पहली पारी में सिर्फ 12 रन देकर 6 विकेट झटके थे जबकि दूसरी पारी में 39 रन खर्च कर 4 बल्लेबाजों को आउट किया. उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया.
Breathing fire every time he takes the ball 🔥
Mitchell Starc ascends to No.1 in the ICC Men’s Test Bowling Rankings 🔝
More ➡️ https://t.co/fvecGLHkbT pic.twitter.com/SvjlhKaFEk
— ICC (@ICC) August 26, 2026
भारतीय टीम के तेज गेंदबाज फिलहाल चोटिल होने की वजह से टेस्ट क्रिकेट नहीं खेल रहे. उनको श्रीलंका के दौरे पर जाना था लेकिन वो बाहर हो गए. इसका नुकसान उनको आईसीसी टेस्ट बॉलिंग रैंकिंग में उठाना पड़ा. बुमराह पिछले दो महीने से दुनिया के नंबर एक टेस्ट गेंदबाज बने हुए थे. वह कुल 697 दिनों तक टेस्ट गेंदबाजी रैंकिंग में शीर्ष पर रह चुके हैं. आपको बता दें कि यह किसी भारतीय गेंदबाज के लिए सबसे ज्यादा है.
अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट डेब्यू करने वाले स्पिनर मानव सुथार ने श्रीलंका के खिलाफ गॉल टेस्ट में 10 विकेट झटके थे. भारत के बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार ने इस प्रदर्शन के दम पर रैंकिंग में बड़ी छलांग लगाई. सुथार 28 स्थान ऊपर चढ़कर करियर की सर्वश्रेष्ठ 48वीं रैंकिंग पर पहुंच गए हैं. वहीं भारत के एक अन्य तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा को दो पायदान का फायदा पहुंचा है. अब वो 53वें नंबर पर पहुंच गए हैं. जसप्रीत बुमराह के बाद भारत के दूसरे सबसे सफल बॉलर मोहम्मद सिराज हैं. वो ताजा जारी टेस्ट रैंकिंग में 18वें नंबर पर हैं.

