Haryana News: कैथल से एक बड़ी दर्दनाक खबर सामने आई है। नेशनल हाईवे पर शिमला गांव के पास मेथनॉल से भरे टैंकर ने सड़क पर खड़े एक ट्रक को टक्कर मार दी। इस घटना में टैंकर और ट्रक में तुरंत आग लग गई, जिसमें झुलसकर टैंकर चालक की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल की छह गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंची और टैंकर में लगी आग पर काबू पाया गया।
टक्कर के बाद दोनों ट्रक जले
टैंकर चालक तीराराम राजस्थान के जालौर जिले के सोबरावास गांव का रहने वाला था और गुजरात नंबर का मेथेनॉल से भरा टैंकर लेकर कांडला से अंबाला जा रहा था। इस हादसे में दोनों ट्रक आग की भेंट चढ़ गए। टक्कर के बाद हुए धमाके से आग की लपटें दूर तक दिखाई दीं।
सड़क पर खड़ा था धान से भरा ट्रक
कलायत थाना प्रभारी रणदीप सिंह ने बताया कि उन्हें गुरुवार रात करीब 10:30 बजे डायल 112 पर शिमला गांव के बस स्टैंड के पास टैंकर में आग लगने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो दो ट्रक आग की चपेट में थे। गांव शिमला के पास मुख्य मार्ग पर धान से भरा ट्रक खड़ा था। उसके टायर गर्म होने के कारण चालक उन्हें चेक कर रहा था। इसी दौरान पीछे से आए टैंकर ने खड़े ट्रक में टक्कर मार दी। इसके बाद धमाके के साथ दोनों वाहनों में आग लग गई।
केबिन से नहीं निकल पाया ड्राइवर
थाना प्रभारी के अनुसार, आग पर काबू पाने के बाद पता चला कि मेथेनॉल से भरे टैंकर का चालक केबिन से बाहर नहीं निकल पाया था। आग में झुलसने से उसकी मौत हो गई। वहीं धान से भरे ट्रक का चालक फतेहाबाद जिले के दरियापुर गांव निवासी गुरविंदर सिंह सुरक्षित है। वह फतेहाबाद से धान लेकर चीका जा रहा था। टायर गर्म होने के कारण उसने ट्रक सड़क किनारे रोक रखा था और उनकी जांच कर रहा था। इसी दौरान हादसा हो गया।


