सोमवार बाजार खुलते ही चौतरफा गिरावट और बिकवाली, सेंसेक्स और निफ्टी में जबरदस्त गिरावट
Share Market Live Update (द भारत ख़बर), मुंबई : अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध लंबा खिंचने के पूरे आसार बन चुके हैं। पिछले दिनों जहां अमेरिका ने साफ तौर पर कहा था कि वह ईरान में अपनी पसंद का राष्टÑपति बनाना चाहता है वहीं ईरान ने अमेरिका को खुली चुनौती देते हुए खुद अपना सुप्रीम लीडर चुन लिया। सोमवार सुबह जैसे ही ईरान द्वारा दिवंगत सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के बेटे मोजतबा खामेनेई को उनका उत्तराधिकारी घोषित किया गया तो पश्चिम एशिया के हालात और भी ज्यादा बिगड़ने के आसार बन गए।
इसका असर भारतीय शेयर बाजार पर भी पड़ा। जैसे ही शेयर बाजार खुला चारों तरफ गिरावट और बिकवाली नजर आई। समाचार लिखे जाने तक सुबह करीब 10.20 मिनट पर सेंसेक्स 2092 अंक से ज्यादा टूटकर 76, 825 अंक पर कारोबार कर रहा था जबकि निफ्टी भी अपने पिछले स्तर से करीब 650 अंक नीचे 23800 पर कारोबार कर रहा था। इस दौरान सेंसेक्स और निफ्टी दोनों की ही शेयर होल्डर कंपनियों के शेयरों में जबरदस्त गिरावट दर्ज की गई है।
शुुरुआत में 2300 अंक टूटा सेंसेक्स
पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के बीच सोमवार को भारतीय शेयर बाजारों में तेज उतार-चढ़ाव के साथ गिरावट का सिलसिला जारी रहा। निवेशकों की जोखिम लेने की क्षमता कमजोर पड़ने से बाजार दबाव में कारोबार करता नजर आया। प्री-ओपनिंग में सेंसेक्स 2300 से ज्यादा अंक तक गिरा। हालांकि बाजार खुलते ही 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 1857.34 अंक या 2.35% गिरकर 77,061.56 पर आ गया। वहीं 50 शेयरों वाला निफ्टी 519.50 अंक या 2.12% गिरकर 23,930.95 अंक पर आ गया। शुरूआती कारोबार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 43 पैसे गिरकर 92.25 पर आ गया।
तेल की कीमतों में जोरदार उछाल
अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ती सैन्य गतिविधियों के कारण कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल आया है। बाजार में आशंका है कि होर्मुज जलडमरूमध्य के जरिए होने वाली तेल आपूर्ति बाधित हो सकती है, जो दुनिया के सबसे अहम तेल ट्रांजिट मार्गों में से एक है। कच्चे तेल की कीमतें जुलाई 2022 के बाद के उच्चतम स्तर पर पहुंच गईं और लगभग तीन साल में पहली बार 100 डॉलर प्रति बैरल के पार निकल गईं।
ये भी पढ़ें : Business News Hindi : देश में यूरिया व अन्य उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता

