Jharkhand Firing News: झारखंड के जमशेदपुर में एक मॉल के पास फायरिंग की घटना सामने आई है। सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल के पास शनिवार को गोलीबारी हुई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मॉल परिसर के एक रेस्टोरेंट में बैठे युवकों को निशाना बनाकर फायरिंग की गई, जिसमें तीन लोग गोली लगने से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) ले जाया गया। पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
घटना के समय चार युवक रेस्टोरेंट में खाना खाने पहुंचे थे। इसी दौरान वहां कुछ अन्य युवक पहुंचे और किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया और इसके बाद फायरिंग की गई। घटना के बाद मॉल परिसर में मौजूद लोगों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। मौके पर मौजूद लोगों के हवाले से सामने आई जानकारी में करीब 10 से 15 राउंड फायरिंग किए जाने की बात कही जा रही है। गोली चलने की आवाज सुनकर लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। घटना में घायल युवकों को तत्काल TMH पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक घायलों में डोमिनिक सैमसन, मो. रिजवान और एमडी दिलशाद के नाम सामने आए हैं। कृष्णा चौबे का भी घटनास्थल पर मौजूद होना बताया गया है। फायरिंग की सूचना मिलते ही सोनारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालकर हमलावरों की पहचान और घटना के क्रम को समझने का प्रयास कर रही है। प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है। एक प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक, वह पास के जिम में अभ्यास कर रहा था, तभी एक युवक भागते हुए आया और मदद के लिए आवाज लगाने लगा।
प्रारंभिक जानकारी में बताया जा रहा है कि चार युवक बिंदल मॉल स्थित उडुपी रेस्टोरेंट में खाना खाने पहुंचे थे। इसी दौरान तीन-चार अन्य युवकों के साथ उनका विवाद हुआ। पहले दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई और फिर गोलीबारी शुरू हो गई। बिंदल मॉल मरीन ड्राइव रोड, सोनारी में स्थित है और यहां कई रेस्टोरेंट संचालित होते हैं। घायलों में शामिल कुछ युवकों के पुराने आपराधिक मामलों में शामिल होने का दावा किया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है।

