Kareena Kapoor Diwali Look Controversy: बॉलीवुड एक्ट्रेस करीना कपूर खान एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह उनकी कोई फिल्म या नया फैशन स्टेटमेंट नहीं, बल्कि दिवाली के मौके पर पहना गया एक बेहद खास शाही पेंडेंट है। करीना के इस 30 कैरेट के पन्ने पर इस्लाम की पवित्र आयत ‘आयत-उल-कुर्सी’ खुदी हुई है। अब इसी ऐतिहासिक गहने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। मध्य प्रदेश के कांग्रेस नेता अब्बास हफीज ने करीना कपूर और उनकी स्टाइलिस्ट रिया कपूर को कानूनी नोटिस भेजा है। नोटिस में सोशल मीडिया पर शेयर की गई तस्वीरों में पवित्र कुरान की आयत को प्रदर्शित करने के तरीके पर आपत्ति जताई गई है। साथ ही सभी तस्वीरें और वीडियो हटाकर माफी मांगने की मांग की गई है।
करीना कपूर के पेंडेंट पर हुआ विवाद
दरअसल दिवाली के मौके पर करीना कपूर खान ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर कुछ तस्वीरें शेयर की थीं। इन तस्वीरों में अभिनेत्री बेहद शाही अंदाज में नजर आईं। उन्होंने मशहूर डिजाइनर पुनीत बलाना द्वारा तैयार किया गया बेज रंग का सिल्वर वर्क काफ्तान पहना था। इसके साथ उन्होंने मैचिंग पगड़ी और बेहद खास शाही ज्वेलरी कैरी की थी। हालांकि उनके पूरे लुक में सबसे ज्यादा चर्चा 30 कैरेट के पन्ने से बने एक खास पेंडेंट की हुई। इस पन्ने पर इस्लाम की पवित्र आयत ‘आयत-उल-कुर्सी’ उकेरी गई है, जो कुरान की दूसरी सूरह अल-बकरा की 255वीं आयत है।
View this post on Instagram
इस गहने की खासियत केवल इसकी कीमत या डिजाइन नहीं, बल्कि इसका ऐतिहासिक और पारिवारिक महत्व भी है। यह पेंडेंट भोपाल की बेगम साजिदा सुल्तान से जुड़ा हुआ बताया जाता है। साजिदा सुल्तान अभिनेता सैफ अली खान की दादी थीं। इस तरह यह गहना भोपाल के नवाबी परिवार की विरासत का हिस्सा है और सैफ के परिवार के जरिए करीना तक पहुंचा।
करीब 200 साल पुराना है शाही हार
करीना कपूर के इस खास दिवाली लुक को उनकी करीबी दोस्त और सेलिब्रिटी स्टाइलिस्ट रिया कपूर ने तैयार किया था। रिया ने सोशल मीडिया पर तस्वीरें शेयर करते हुए इस ज्वेलरी की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि भी बताई थी। करीना ने भोपाल के नवाब की करीब 200 साल पुरानी डायमंड कलगी और भोपाल की बेगम का 30 कैरेट का पन्ना पहना था, जिस पर आयत-उल-कुर्सी खुदी हुई है। इस शाही ज्वेलरी का संबंध सैफ अली खान के परिवार से है। यही वजह है कि इन गहनों को केवल फैशन एक्सेसरी नहीं, बल्कि परिवार की पीढ़ियों से चली आ रही विरासत के तौर पर देखा जाता है।
कांग्रेस नेता ने क्यों भेजा नोटिस?
इस मामले में 11 नवंबर को कांग्रेस नेता और भोपाल से जुड़े पार्टी के नेशनल मीडिया कोऑर्डिनेटर अब्बास हफीज की ओर से करीना कपूर खान और रिया कपूर को कानूनी नोटिस भेजा गया। यह नोटिस वकील मोहम्मद जफर के माध्यम से भेजा गया है। इसमें सोशल मीडिया पर साझा की गई उन तस्वीरों और वीडियो पर आपत्ति जताई गई है, जिनमें करीना कुरान की आयत वाले पेंडेंट को पहने दिखाई दे रही हैं। नोटिस में कहा गया है कि पवित्र कुरान की आयत को जिस तरह सार्वजनिक तस्वीरों और सोशल मीडिया पोस्ट में प्रस्तुत किया गया, उससे उसकी धार्मिक गरिमा को ठेस पहुंच सकती है। इस प्रस्तुति को लेकर मुस्लिम समुदाय के कुछ लोगों और भोपाल के पूर्व शाही परिवार से ऐतिहासिक संबंध रखने वाले लोगों में चिंता और नाराजगी है।
अब्बास हफीज ने मांग की है कि करीना और रिया कपूर अपने सोशल मीडिया अकाउंट से संबंधित तस्वीरें और वीडियो हटाएं। इसके अलावा दोनों सार्वजनिक रूप से माफी मांगें और भविष्य में पवित्र धार्मिक आयत वाले गहनों को प्रस्तुत करते समय उनकी धार्मिक गरिमा का ध्यान रखने का भरोसा दें। इस विवाद में एक महत्वपूर्ण बात यह भी है कि अब्बास हफीज ने अपने नोटिस में करीना कपूर के पहनावे या उनकी निजी पसंद पर आपत्ति जताने से इनकार किया है। हफीज का कहना है कि उन्हें अभिनेत्री के कपड़ों, निजी स्वतंत्रता या सामान्य तौर पर ज्वेलरी पहनने के अधिकार से कोई समस्या नहीं है। उनकी आपत्ति खास तौर पर कुरान की पवित्र आयत वाले पेंडेंट को तस्वीरों में प्रस्तुत करने के तरीके को लेकर है।

