भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के विरोध में किसानों ने खनौरी-दाता सिंहवाला बॉर्डर से दिल्ली के जंतर-मंतर तक किसान बचाओ पदयात्रा निकालने का किया था ऐलान
Kisan Bachao Padyatra, (द भारत ख़बर), जींद: भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध सहित अन्य किसानी मुद्दों को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा (गैर राजनीतिक) के नेतृत्व में किसानों ने एक बार फिर दिल्ली कूच का आह्वान किया है। एसकेएम (गैरराजनीतिक) के प्रतिनिधि जजगजीत सिंह डल्लेवाल के नेतृत्व में किसानों जत्था खनौरी से शुभकरण सिंह की मौत वाली जगह से मिट्टी लेकर दिल्ली जाने की तैयारी में जुटा है, जबकि दूसरी तरफ हरियाणा पुलिस प्रशासन ने खनौरी का दाता सिंह वाला बार्डर एक बार फिर सील कर दिया है। बॉर्डर पर बैरिकेडिंग, कंटीली तार, कंक्रीट ब्लॉक और कंटेनर लगाकर रास्ता बंद किया गया है। भारी पुलिस बल तैनात है।
29 अगस्त को दिल्ली में होनी है पंचायत
संयुक्त किसान मोर्चा (गैर राजनीतिक) ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के विरोध में रविवार को खनौरी-दाता सिंहवाला बॉर्डर से दिल्ली के जंतर-मंतर तक किसान बचाओ पदयात्रा निकालने का ऐलान किया था।
किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल के नेतृत्व में 55 पदयात्री इसमें शामिल हैं। किसान संगठनों ने 29 अगस्त को दिल्ली में पंचायत करने का भी ऐलान किया है।
जींद, कैथल और फतेहाबाद के किसानों को पुलिस ने किया डिटेन
वहीं, रास्ता रोके जाने पर डल्लेवाल ने कहा, अब रास्ता किसानों ने नहीं, हरियाणा पुलिस ने रोका है। सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट को इस पर संज्ञान लेना चाहिए। थोड़ी संख्या में किसान दिल्ली जाकर अपनी बात रखना चाहते हैं।
अगर आगे नहीं जाने दिया गया तो आज रात यहीं रुकेंगे। इधर, जींद, कैथल और फतेहाबाद में खनौरी बॉर्डर की ओर जा रहे किसानों को पुलिस ने डिटेन किया है।
धारा 163 लागू, किसानों को आगे नहीं जाने देंगे
जींद एसपी कुलदीप सिंह भी दाता सिंहवाला बॉर्डर पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि आम जनता को किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। दिल्ली कूच करने पहुंचे किसानों को बताया जाएगा कि इलाके में धारा 163 लागू है, इसलिए उन्हें आगे जाने की अनुमति नहीं दी जा सकती। सुरक्षा के मद्देनजर जगह-जगह नाके लगाए गए हैं।
ये भी पढ़ें: केंद्रीय गृहमंत्री ने सोनिया गांधी पर साधा निशाना, कहा- आपके पाप को जनता माफ नहीं करेगी

