नई दिल्ली. महिला एशिया कप 2026 का पहला सेमीफाइनल गुरुवार को खेला जाना है. लगातार तीन मैच जीतकर पहुंची भारतीय टीम का सामना बांग्लादेश के साथ होगा. 10 सितंबर को होने वाले इस मुकाबले का इंतजार हर किसी को है. हरमनप्रीत कौर की टीम को ट्रॉफी जीतने का प्रबल दावेदार माना जा रहा है. बांग्लादेश इससे पहले भी टीम इंडिया का सपना तोड़ चुका है. ऐसे में सेमीफाइनल के इस नॉकआउट मुकाबले में सावधान रहने की जरूरत होगी. यह मैच दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. दोनों टीमें पहले भी एशिया कप का खिताब जीत चुकी हैं.
अब तक इस टूर्नामेंट में भारतीय की सबसे बड़ी ताकत उसकी गेंदबाजी रही है. पाकिस्तान को उसके टी20 इंटरनेशनल के सबसे छोटे स्कोर 55 रन पर रोका था. अनुभवी दीप्ति शर्मा के साथ श्री चरणी और प्रेमा रावत की तिकड़ी सेमीफाइनल में अहम साबित होगी. दीप्ति ने थाईलैंड और हांगकांग चीन के खिलाफ भारत के शुरुआती दोनों ग्रुप मैचों में तीन-तीन विकेट हासिल किए थे. पाकिस्तान के खिलाफ 5 सितंबर को खेले गए मुकाबले में श्री चरणी और प्रेमा रावत ने तीन-तीन विकेट झटके थे.
अगर बात करें बल्लेबाजी की तो यहां बड़े नाम नजर आते हैं लेकिन प्रदर्शन उसके मुताबिक नहीं रहा. प्रतिका रावल लगातार फ्लॉप रही है तो कप्तान हरमनप्रीत कौर और ऋचा घोष भी उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पारी हैं. नजरें स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा की ओपनिंग जोड़ी पर रहेगी.
साल 2018 में भारत का सपना तोड़कर खिताब जीतने वाली बांग्लादेश को नाहिदा अख्तर से उम्मीद होंगी. इस टूर्नामेंट में तीन से दो मुकाबले में प्लेयर ऑफ द मैच बन चुकी हैं. कप्तान निगार सुल्ताना, शर्मिन अख्तर, राबेया खान और मारुफा अख्तर से भी भारतीय टीम को खतरा होगा.
महिला एशिया कप 2026 का पहला सेमीफाइनल मैच 10 सितंबर 2026, गुरुवार को खेला जाएगा.
यह मैच दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा.
मुकाबला रात 8 बजे (IST) शुरू होगा. टॉस शाम मुकाबला शुरू होने से आधा घंटा पहले 7:30 बजे होगा.
मुकाबले का लाइव टेलिकास्ट Sony Sports Network के टीवी चैनलों पर किया जाएगा.
भारत और बांग्लादेश के बीच महिला एशिया कप 2026 सेमीफाइनल मुकाबले की लाइव स्ट्रीमिंग SonyLIV ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध होगी.

