Haryana News: हरियाणा के रोहतक से लोकसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा के अंगरक्षक (PSO) ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान ASI प्रदीप कुमार के रूप में बताई जा रही है। वह रोहतक जिले के गांव मोखरा के रहने वाले थे।
जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है। ASI प्रदीप कुमार ने अपने गांव मोखरा स्थित घर पर अपनी सर्विस रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली। गोली लगने के बाद उन्हें उपचार के लिए एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दीपेंद्र हुड्डा के सुरक्षा दस्ते में थे तैनात
बताया जा रहा है कि ASI प्रदीप कुमार लोकसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा के सुरक्षा दस्ते में PSO के रूप में तैनात थे। घटना की सूचना मिलने के बाद मामले को लेकर इलाके में शोक का माहौल है।
आत्महत्या के कारणों का पता नहीं
फिलहाल ASI प्रदीप कुमार द्वारा आत्महत्या किए जाने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आत्महत्या के पीछे की वजह और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जांच के बाद ही सामने आएगी।

