नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट टीम के बाहर चल रहे स्पिनर युजवेंद्र चहल ने इतिहास रच दिया है. टी20 क्रिकेट में 400 विकेट लेने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बन गए हैं. चहल ने बुधवार को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी ये खास कामयाबी हासिल की. हरियाणा की ओर से तमिलनाडु के खिलाफ खेलते हुए यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की.
36 साल के लेग स्पिनर को रिकॉर्ड बनाने के लिए सिर्फ एक विकेट की जरूरत थी. उन्होंने मैच में तीन विकेट झटक लिए. चहल ने 4 ओवर में 16 रन देकर 3 विकेट हासिल किए. उनकी शानदार गेंदबाजी की बदौलत हरियाणा ने तमिलनाडु की पूरी टीम को 19.5 ओवर में 124 रन पर समेट दिया. इस प्रदर्शन के साथ ही चहल के टी20 करियर में विकेटों की संख्या 246 मैचों में 402 हो गई है.
भारत के सबसे सफल टी20 गेंदबाज
युजवेंद्र चहल अब भारत के सबसे ज्यादा टी20 विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं. इस सूची में उन्होंने कई दिग्गज भारतीय गेंदबाजों को पीछे छोड़ दिया है. भुवनेश्वर कुमार 366 विकेट के साथ दूसरे स्थान पर हैं. जसप्रीत बुमराह 354 विकेट लेकर तीसरे नंबर पर हैं. पीयूष चावला 329 विकेट और रविचंद्रन अश्विन 323 विकेट के साथ चौथे और पांचवें स्थान पर हैं. चहल ने 2023 के बाद से भारत के लिए कोई मुकाबला नहीं खेला है. लेकिन घरेलू टूर्नामेंट और फ्रेंचाइजी क्रिकेट में उनका शानदार प्रदर्शन जारी है.
दुनिया के दिग्गज गेंदबाजों की लिस्ट में शामिल
टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में अफगानिस्तान के राशिद खान टॉप पर हैं. उन्होंने 553 मैचों में 743 विकेट अपने नाम किए हैं. वेस्टइंडीज के स्पिनर सुनील नरेन 658 विकेट के साथ दूसरे स्थान पर हैं. वेस्टइंडीज के पूर्व ऑलराउंडर ड्वेन ब्रावो 631 विकेट लेकर तीसरे नंबर पर मौजूद हैं. 402 विकेट के साथ युजवेंद्र चहल ने टी20 क्रिकेट में एक खास मुकाम हासिल कर लिया है. उनकी यह उपलब्धि उन्हें भारत के सबसे सफल टी20 गेंदबाजों में शामिल करती है.

