- 3 जुलाई को शुरू हुई है 57 दिन की सालाना तीर्थयात्रा
- 28 अगस्त को रक्षाबंधन के त्योहार पर होगी संपन्न
Amarnath Yatra Today Updates, (द भारत ख़बर), श्रीनगर: विश्व प्रसिद्ध पवित्र अमरनाथ यात्रा का आज 10वां दिन है और अब तक यात्रा सुचारू रूप से चल रही है। दक्षिण कश्मीर हिमालय में सालाना अमरनाथ यात्रा में शामिल होने के लिए रविवार अलसुबह जम्मू के भगवती नगर यात्री निवास बेस कैंप से 9,153 तीर्थयात्रियों का 11वां जत्था पवित्र गुफा के दर्शनाथ रवाना हुआ।
जत्थे में 2,345 महिलाएं भी शामिल
अधिकारियों के अनुसार इस जत्थे में 2,345 महिलाएं भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि 359 गाड़ियों में सवार ये तीर्थयात्री कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच गांदरबल जिले के बालटाल और अनंतनाग जिले के नुनवान (पहलगाम) स्थित दो बेस कैंपों के लिए रवाना हुए। उन्होंने बताया कि तीर्थयात्रियों के 11वें जत्थे में 18 बच्चे भी शामिल थे। ये गाड़ियां भगवती नगर बेस कैंप से दो अलग-अलग काफिलों में तड़के 2.40 बजे से 3.35 बजे के बीच रवाना हुईं।
अब तक 2.30 लाख से ज़्यादा तीर्थयात्रियों ने दर्शन किए
अधिकारियों के अनुसार 3,429 तीर्थयात्रियों को ले जाने वाला पहला जत्था सुबह 2:44 बजे बालटाल बेस कैंप के लिए रवाना हुआ। उन्होंने बताया कि 5,724 तीर्थयात्रियों वाला दूसरा जत्था सुबह 3:35 बजे नुनवान (पहलगाम) बेस कैंप के लिए निकला। 3 जुलाई को शुरू हुई 57 दिनों की सालाना तीर्थयात्रा के दौरान अब तक 2.30 लाख से ज़्यादा तीर्थयात्रियों ने पवित्र गुफा में प्राकृतिक रूप से बने बर्फ़ के शिवलिंग के दर्शन किए हैं। यह तीर्थयात्रा 28 अगस्त को रक्षाबंधन के त्योहार के दिन संपन्न होगी।
ये भी पढ़ें: Amarnath Yatra Updates: 1.5 लाख से अधिक तीर्थयात्रियों ने पूरी की यात्रा

