JMB-Linked Terror Conspiracy Case: राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने प्रतिबंधित आतंकी संगठन जमात-उल-मुजाहिदीन बांग्लादेश (JMB) से जुड़े नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। मामले में कई राज्यों में कार्रवाई की गई है। NIA ने आठ लोगों को असम, चार लोगों को पश्चिम बंगाल और एक को केरल से गिरफ्तार किया गया है। कुल मिलाकर 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इन लोगों पर बांग्लादेश स्थित इमाम महमूदर काफिला (IMK) नाम के JMB से जुड़े संगठन के संपर्क में होने का आरोप है। जांच एजेंसी के अनुसार इस नेटवर्क का इस्तेमाल युवाओं को कट्टरपंथ की ओर ले जाने और पश्चिम बंगाल के अलावा पूर्वोत्तर भारत में JMB से जुड़े विचारों और गतिविधियों को फैलाने के लिए किया जा रहा था।
असम में 6 लोग दोबारा गिरफ्तार
NIA की ताजा कार्रवाई में असम के बारपेटा जिले से छह लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनमें मुस्तफिजुर रहमान, याकूब अली, रकीबुल इस्लाम, जाकिर हुसैन, सनबर अली और फारुक अब्दुल्ला के नाम सामने आए हैं। ये सभी पहले भी IMK से संबंधों के मामले में गिरफ्तार हो चुके थे और बाद में जमानत पर बाहर थे। NIA ने इन लोगों से जुड़े ठिकानों पर तलाशी भी ली। जांच के दौरान डिजिटल उपकरण और अन्य सामग्री मिलने की बात सामने आई है।
आखिर क्या है पूरा मामला?
इस मामले की शुरुआत असम पुलिस की कार्रवाई से हुई थी। दिसंबर 2025 में असम पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स ने IMK से जुड़े एक मॉड्यूल के खिलाफ कार्रवाई की थी। उस समय असम और त्रिपुरा से 11 लोगों को गिरफ्तार किए जाने की जानकारी सामने आई थी। इसके बाद मामला NIA की जांच में आया। NIA ने जून 2026 में इस मामले में 11 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी। एजेंसी के मुताबिक इन लोगों पर IMK के जरिए पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों में JMB की विचारधारा फैलाने की साजिश में शामिल होने का आरोप है।
टेलीग्राम ग्रुप का इस्तेमाल
NIA की जांच के मुताबिक नेटवर्क के सदस्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर रहे थे। जांच एजेंसी ने दावा किया कि ‘पूर्व आकाश’ नाम के टेलीग्राम ग्रुप के जरिए कट्टरपंथी सामग्री और विचारों को फैलाने की कोशिश की गई। जांच एजेंसी का आरोप है कि इसका उद्देश्य युवाओं को प्रभावित करना, उन्हें कट्टरपंथ की ओर ले जाना और आगे चलकर संगठन के नेटवर्क का विस्तार करना था।
पश्चिम बंगाल-पूर्वोत्तर पर फोकस
NIA के अनुसार साजिश का दायरा केवल एक राज्य तक सीमित नहीं था। जांच में पश्चिम बंगाल, असम, त्रिपुरा और अन्य पूर्वोत्तर राज्यों में नेटवर्क बढ़ाने की कोशिश का आरोप सामने आया है। यही वजह है कि जांच एजेंसी इस मामले को एक अंतरराज्यीय नेटवर्क के रूप में देख रही है। एजेंसी का कहना है कि आरोपियों की गतिविधियों और उनके संपर्कों की जांच अभी जारी है।
डिजिटल डिवाइस भी की जब्त
तलाशी के दौरान जांच एजेंसियों ने मोबाइल फोन, पेन ड्राइव, मेमोरी कार्ड और अन्य डिजिटल उपकरण जब्त किए हैं। इन उपकरणों की जांच से नेटवर्क के संपर्कों और ऑनलाइन गतिविधियों के बारे में और जानकारी मिलने की उम्मीद है। NIA की जून की चार्जशीट में भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और डिजिटल रिकॉर्ड को जांच से जुड़ा महत्वपूर्ण सबूत बताया गया था। जांच एजेंसियों के मुताबिक इमाम महमूदर काफिला (IMK) को JMB से जुड़ा एक संगठन माना जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियों का आरोप है कि इस समूह का मकसद बांग्लादेश से बाहर भी JMB की गतिविधियों और विचारधारा का विस्तार करना था।

