नई दिल्ली. इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल ने वनडे विश्व कप 2027 को लेकर अहम जानकारी साझा की है. आईसीसी ने अगले साल अक्टूबर-नवंबर में खेले जाने वाले मेगा टूर्नामेंट के मेजबान शहरों के नाम की घोषणा की. इस बार के वर्ल्ड कप के आयोजन का जिम्मा 12 मेजबान शहरों को दिया गया है. टूर्नामेंट की मेजबानी दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया मिलकर कर रहे हैं.
दुनिया भर के क्रिकेट फैंस को जिस वनडे वर्ल्ड कप का इंतजार हो अब वो करीब आ रहा है. रोहित शर्मा और विराट कोहली के चाहने वालों को उनको देखने का ये शायद आखिरी मौका हो. 24 साल बाद क्रिकेट विश्व कप की मेजबानी फिर से अफ्रीका लौट रही है. इससे पहले 2003 विश्व कप दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और केन्या में आयोजित हुआ था. इस बार पहली बार नामीबिया किसी सीनियर पुरुष क्रिकेट विश्व कप का मेजबान बनेगा.
𝐃𝐞𝐬𝐭𝐢𝐧𝐚𝐭𝐢𝐨𝐧 ➡️ #𝐂𝐖𝐂𝟐𝟕 🏆
The 12 venues set to host the ICC Men’s Cricket World Cup 2027 have officially been confirmed 🏟️https://t.co/QLxDyjmGjC
— ICC (@ICC) July 30, 2026
दक्षिण अफ्रीका के 8 शहरों को मेजबानी मिली है. इनमें जोहान्सबर्ग का वांडरर्स स्टेडियम, सेंचुरियन, केप टाउन का न्यूलैंड्स, डरबन का किंग्समीड, सेंट जॉर्ज पार्क (ग्केबेर्हा), मांगाउंग ओवल (ब्लोएमफोंटेन), बोलैंड पार्क (पार्ल) और बफेलो पार्क (कूगोम्पो सिटी) शामिल हैं.
जिम्बाब्वे में हरारे स्पोर्ट्स क्लब, क्वींस स्पोर्ट्स क्लब (बुलावायो) और फाले मोसी-ओआ-टुन्या इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम (विक्टोरिया फॉल्स) में मैच खेले जाएंगे. नामीबिया की राजधानी विंडहोक स्थित नामीबिया क्रिकेट ग्राउंड पहली बार विश्व कप मुकाबलों की मेजबानी करेगा. ICC ने अभी तक मैचों का पूरा कार्यक्रम, सेमीफाइनल और फाइनल के वेन्यू की घोषणा नहीं की है.
ICC ने विश्व कप 2027 की नई ब्रांडिंग भी लॉन्च की है. टूर्नामेंट की थीम “Three Nations, One Heartbeat” रखी गई है, जो तीनों मेजबान देशों की एकता, विविधता और सामुदायिक भावना को दर्शाती है. साथ ही, ‘Ubuntu’ दर्शन को भी इस विश्व कप का प्रमुख संदेश बनाया गया है. इसका अर्थ है—”मैं हूं, क्योंकि हम हैं।” इसके अलावा ICC ने टूर्नामेंट का आधिकारिक लोगो भी जारी कर दिया है.
ICC ने इस विश्व कप के लिए नया फॉर्मेट भी लागू किया है. कुल 14 टीमें टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगी. सबसे निचली रैंक वाली 3 टीमें पहले सुपर सीरीज खेलेंगी, जिसमें से केवल 1 टीम मेन ड्रॉ में पहुंचेगी. इसके बाद 12 टीमों को 6-6 के दो ग्रुप में बांटा जाएगा. दोनों ग्रुप की टॉप-3 टीमें और टॉप चौथे स्थान वाली टीम मिलकर ‘सुपर-7’ चरण खेलेंगी. सुपर-7 की प्वाइंट्स टेबल में टॉप 4 टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी और इसके बाद फाइनल मुकाबला खेला जाएगा.

