नई दिल्ली. भारत के तमाम फिल्मी फैन को जिस बात का इंतजार था वो अब खत्म हो गया है. फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया (FFI) ने शुक्रवार को ऑस्कर में जाने वाली फिल्म की घोषणा कर दी. निर्देशक संतोष दवाखरे की मराठी थ्रिलर फिल्म ‘गोंधल’ (Gondhal) को 99वें अकादमी पुरस्कारों (Oscars 2027) के लिए भारत की आधिकारिक प्रविष्टि चुना गया है. यह फिल्म को अकादमी अवार्ड में सर्वश्रेष्ठ अंतर्राष्ट्रीय फीचर फिल्म कैटेगरी (Best International Feature category) में भेजने का फैसला लिया गया है.
संतोष दवाखरे के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म को काफी ज्यादा पसंद किया गया है. दर्शकों को थिएटर तक खींचने के अलावा भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (IFFI) 2025 में ‘सिल्वर पीकॉक अवार्ड’ से भी नवाजा जा चुका है. इस फिल्म को 14 नवंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज किया गया था. इसकी डायरेक्शन जितनी जबरदस्त है उतनी ही ज्यादा फिल्म का संगीत भी पसंद किया गया. जाने माने संगीतकार इलैयाराजा ने इस फिल्म का म्यूजिक दिया है.
इस बार ऑस्कर की दौड़ में शामिल होने के लिए भारत की 33 फिल्में शामिल थी. गोंधाल ने उन सभी को पीछे छोड़ते हुए बाजी मारी. आपको बता दें कि जो 33 फिल्में इस रेस में शामिल थीं उसमें 14 हिंदी, 4-4 मराठी, तेलुगु और गुजराती, 3 तमिल तथा 1-1 मलयालम, नागा (कोन्याक) और नेपाली भाषा की फिल्में थीं. नागा फिल्म ‘अंग’ (Angh) और तमिल फिल्म ‘डोरोथी’ (Dorothy) से गोंधाल को कड़ी टक्कर मिली और ये दोनों आखिरी दौड़ में शामिल थीं. जिन्हें पछाड़कर ‘गोंधळ’ ने यह स्थान हासिल किया.
अगर हम ऑस्कर जाने के लिए तैयार फिल्म गोधल की कहानी के बारे में बात करें तो महाराष्ट्र की सदियों पुरानी पारंपरिक ‘गोंधल’ लोककला और अनुष्ठान की पृष्ठभूमि पर आधारित है. इसकी कहानी आपको बांधे रखती है और थ्रीलर ऐसा कि आखिर तक आप सोचते रह जाएंगे. फिल्म की पूरी कहानी एक सुमन नाम की एक शादीशुदा महिला पर केंद्रित है. इस फिल्म में उनके जीवन में घटित होने वाली बातों को बेहद शानदार और बांधे रखने वाली कहानी के जरिए पेश किया गया है. इस फिल्म में देखने को मिलता है कि सुमन का रिश्ता, इच्छाओं, छल और धोखे के ताने-बाने में उलझ जाता है. साधारण घरेलू रिश्तों से शुरू होने वाली यह कहानी धीरे-धीरे एक गंभीर थ्रिलर का रूप ले लेती है.
इस फिल्म में काम करने वाले स्टार कास्ट की करें तो मुख्य भूमिका में इशिता देशमुख नजर आईं हैं. उन्होंने सुमन की भूमिका को पर्दे पर निभाया है. इसके आलवा किशोर कदम और योगेश सोहोनी के अलावा निषाद भोईर और अनुज प्रभु भी अहम भूमिकाओं में हैं.

