
शराब ठेके के सेल्समैन के साथ की मारपीट
Himachal News, (द भारत ख़बर), ऊना: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में पुलिस और शराब ठेके के सेल्समैन के बीच मारपीट का मामला प्रकाश में आया है। घटना बुधवार देर रात ऊना जिले के मैहतपुर की है। यहां पर स्थित शराब ठेके में पुलिस और सेल्समैन के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में जमकर हाथापाई हुई। वीरवार सुबह इस घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। वीडियो में एक वर्दीधारी और दो सादे कपड़ों में मौजूद पुलिस कर्मी सेल्समैन के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं।
इसी दौरान शराब की बोतलों के टूटने की आवाजें भी साफ सुनाई देती हैं। घटना के बाद शराब कारोबारी टीएन द्विवेदी पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और पूरे मामले की शिकायत दी। वहीं, पुलिस ने शराब ठेके के कर्मचारियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिस कर्मियों से मारपीट करने और शराब की बोतलें तोड़ने के आरोप में मामला दर्ज किया है।
बिना किसी वैधानिक आदेश के शराब ठेके पर लगाया ताला, आबकारी एवं कराधान विभाग के अधिकारियों ने खुलवाई दुकान
शराब कारोबारी टीएन द्विवेदी का कहना है कि दिन में उनका एक व्यक्ति के साथ पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि उसी व्यक्ति को पुलिस कर्मचारी अपने साथ लेकर देर रात शराब ठेके पर पहुंचे और सेल्समैन के साथ मारपीट शुरू कर दी।
उन्होंने दावा किया कि इस दौरान ठेके में तोड़फोड़ की गई और बड़ी संख्या में शराब की बोतलें भी क्षतिग्रस्त हुई। शराब कारोबारी ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस कर्मियों ने बिना किसी वैधानिक आदेश या कानूनी प्रक्रिया के उनके शराब ठेके पर ताला लगा दिया और वहां से चले गए। गुरुवार दोपहर आबकारी एवं कराधान विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में ठेके का ताला खुलवाया गया, जिसके बाद कारोबार दोबारा शुरू हो सका।
दूसरे पक्ष की ओर से नहीं आई शिकायत
जिला पुलिस अधीक्षक सचिन हीरेमठ ने बताया कि पुलिस की ओर से शराब ठेके के कर्मचारियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिस कर्मियों से मारपीट करने तथा शराब की बोतलें तोड़ने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।
उन्होंने कहा कि फिलहाल दूसरे पक्ष की ओर से पुलिस को कोई औपचारिक शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। यदि शराब कारोबारी या उनका कोई प्रतिनिधि शिकायत दर्ज कराता है तो पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और कानून के अनुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें: अन्ना हजारे ने अहिल्यानगर में किया मौन आंदोलन, दिल्ली में चल रहे छात्रों के प्रोटेस्ट को किया सपोर्ट
