हरे निशान पर खुला शेयर बाजार, सेंसेक्स और निफ्टी में तेजी
Share Market Live Update (द भारत ख़बर), बिजनेस डेस्क : ईरान और इजराइल में दोबारा जंग शुरू होने की खबरों के बीच सोमवार को भारतीय शेयर बाजार में जबरदस्त बिकवाली हुई। इसी के चलते दिन का कारोबार समाप्त होने के समय भारतीय शेयर बाजार बड़ी गिरावट के साथ बंद हुआ। हालांकि सोमवार की मायूसी पीछे छोड़ते हुए आज यानी मंगलवार को भारतीय शेयर बाजार में तेजी का रुख दिखाई दिया।
सुबह सेंसेक्स और निफ्टी हरे निशान पर खुले। शुरूआती कारोबार में 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 418.98 (0.56%) अंकों की बढ़त के साथ 73,943.24 के स्तर पर कारोबार करता दिखा। वहीं 50 शेयरों वाला निफ्टी 123.85 (0.54%) अंकों की बढ़त के साथ 23,246.85 के स्तर पर कारोबार करता दिखा। हालांकि सुबह 11 बजे तक यह बढ़त मामूली रह गई लेकिन फिर भी बाजार हरे निशान पर काम कर रहा है।
कच्चे तेल की नरमी से चढ़ा शेयर बाजार
वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में करीब एक फीसदी की नरमी का निवेशकों के बीच सकारात्मक रुझान दिखा। इंडिगो और ट्रेंट जैसे शेयरों में करीब-करीब दो फीसदी की बढ़त दिखी। शुरूआती कारोबार में रुपया डॉलर के मुकाबले 20 पैसे बढ़कर 95.41 पर पहुंच गया। जानकारों का कहना है कि मंगलवार का यह सुधार वैश्विक और घरेलू दोनों कारकों के संयोजन से हुआ है।
अमेरिकी बाजारों में चिप की बिक्री में आई गिरावट सोमवार को पलट गई। इससे एशिया भर में निवेशकों की भावना में सुधार हुआ। डॉव जोन्स वायदा 45.43 अंक बढ़कर 50,830.44 पर पहुंच गया। एस एंड पी 500 सूचकांक में 0.30 फीसदी और नैस्डैक सूचकांक में 0.86 फीसदी की वृद्धि हुई।
इसलिए भी सुधरा बाजार का हाल
भू-राजनीतिक घटनाक्रमों ने भी बाजार की भावना को सहारा दिया है। ईरान और इस्राइल ने सैन्य संघर्ष समाप्त करने की घोषणा की है। उन्होंने ट्रंप द्वारा बुलाई गई युद्धविराम अपील का समर्थन किया है। इससे एशियाई बाजारों में मंगलवार सुबह शेयरों को उबरने में मदद मिली। हालांकि, बग्गा ने कहा कि पिछले छह कारोबारी दिनों में भारतीय बाजार अन्य उभरते बाजारों से पीछे रहे हैं। विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों ने 36,000 करोड़ रुपये से अधिक की पूंजी निकाली है।

