Delhi News: राष्ट्रीय राजधानी स्थित जामिया मिल्लिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी में छात्रसंघ चुनाव की बहाली, अनुशासनात्मक कार्रवाई रद्द करने और चीफ सिक्योरिटी एडवाइजर के इस्तीफे की मांग को लेकर चल रहा प्रदर्शन बेकाबू हो गया है। दरअसल भूख हड़ताल पर बैठे छात्रों द्वारा कुलपति (VC) को अल्टीमेटम भरा पत्र सौंपा गया, जिसके बाद हालात तनावपूर्ण हो गए। इस बीच छात्राओं और महिला पुलिस के बीच झड़प भी हुई।
मेन गेट को बंद किया
जानकारी के मुताबिक, दिल्ली पुलिस और पैरामिलिट्री बलों ने यूनिवर्सिटी के मुख्य द्वारों (गेट्स) को पूरी तरह से ब्लॉक कर दिया है और छात्रों को कैंपस के भीतर जाने से रोक दिया है।
छात्राओं और पुलिस में झड़प
कैंपस के बाहर और भीतर भारी संख्या में इकट्ठा हुए छात्र लगातार उग्र नारेबाजी कर रहे हैं। पुलिस द्वारा रास्ता रोके जाने के बाद माहौल काफी गरमा गया, जिसके बाद कई छात्र जबरन यूनिवर्सिटी के ऊंचे लोहे के गेटों पर चढ़कर और उन्हें फांदकर कैंपस के अंदर दाखिल होते हुए देखे गए। इस बीच छात्राओं और महिला पुलिस के बीच झड़प भी हुई है। छात्राओं ने दिल्ली पुलिस के खिलाफ नारे लगाए।
छात्रों को पुलिस ने हिरासत में लिया
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने सख्त रवैया अपनाया है। कैंपस के बाहर प्रदर्शन कर रहे और नारेबाजी कर रहे कई छात्रों को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। इस कार्रवाई के बाद यूनिवर्सिटी के आसपास भारी सुरक्षा बल तैनात कर दिया गया है और पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है।

