Captain Smit Machchhar: दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट (FZ1073) बुधवार को एक बड़ी साजिश का शिकार होने से बची। फ्लाइट के कॉकपिट में ओमान निवासी को-पायलट ने कैप्टन पर चाकू से हमला कर दिया था, जिसके बाद विमान अचानक 34,000 फीट से नीचे गोता लगाते हुए करीब 17,000 फीट की ऊंचाई पर आ गया था। चालक दल के अन्य सदस्यों और यात्रियों की सूझबूझ व मदद से हमलावर को काबू में किया गया, जिसके बाद विमान को सऊदी अरब की ओर मोड़कर सुरक्षित उतार लिया गया।
चालक दल के सदस्यों ने किया काबू
इस पूरी घटना के दौरान विमान से स्क्वॉक 7700 (आपातकालीन) और स्क्वॉक 7500 (हाईजैकिंग/गैरकानूनी हस्तक्षेप) जैसे इमरजेंसी सिग्नल भेजे गए, जिससे इजराइल और क्षेत्र की सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया तथा लड़ाकू विमान सतर्क हो गए। हालांकि, चालक दल के अन्य सदस्यों और यात्रियों की सूझबूझ व मदद से हमलावर को काबू में किया गया।
पायल ने दिखाया अदम्य साहस
इस पूरी घटना के दौरान जिस पायलट पर हमला हुआ उन्होंने घायल होने के बावजूद काफी हिम्मत दिखाई। विमान के पायलट स्मित मछार ने गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद असाधारण साहस दिखाया। उनके अनुसार, चाकू से हमला किए जाने के बावजूद उन्होंने हमलावर का मुकाबला किया और कॉकपिट का दरवाजा खोलने में सफल रहे। इसके बाद यात्रियों और चालक दल के सदस्यों ने हमलावर को काबू करने में मदद की। पायलट के साहस से संभावित बड़ी विमान दुर्घटना टल गई और 174 लोगों की जान बची, जिनमें इजराइली नागरिक भी शामिल थे।
पीएम मोदी ने की तारीफ
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फ्लाईदुबई की फ्लाइट में सवार भारतीय नागरिक कैप्टन स्मित माछर की तारीफ करते हुए उन्हें ‘हीरो’ बताया है। पीएम मोदी ने गुरुवार सुबह कहा कि स्मित की बहादुरी की वजह से एक बड़ी घटना को टालने में मदद मिली है।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ”कैप्टन स्मित मछार एक हीरो हैं। सबसे बड़े खतरे के सामने और गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद, उन्होंने दूसरों की जान बचाने के लिए बहुत साहस और मजबूत हौसला दिखाया।” उन्होंने लिखा, ”उनके साहस से सैकड़ों लोगों की जान बचाने और एक बड़ी घटना को टालने में मदद मिली। भारत को कैप्टन माछर पर गर्व है। उनके जल्द ठीक होने, नई ताकत और अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करता हूं।”
कौन हैं कैप्टन स्मित मछार?
कैप्टन स्मित मछार मूल रूप से गुजरात के रहने वाले हैं। उनके पास बोइंग 737 फ्लीट पर कमर्शियल फ्लाइंग का 13 साल से अधिक और लगभग 9,750 से ज्यादा घंटे उड़ान भरने का अनुभव है। फ्लाईदुबई से जुड़ने से पहले उन्होंने भारत की प्रमुख एयरलाइन स्पाइसजेट में लगभग 11 वर्षों तक पायलट और ट्रेनर के रूप में काम किया था। वह जून 2022 में ‘डायरेक्ट एंट्री कैप्टन’ के रूप में फ्लाईदुबई में शामिल हुए थे।

