- उत्तराखंड के 10 ज़िलों में स्कूल, 107 सड़कें बंद
Heavy Rainfall Havoc, (द भारत ख़बर), नई दिल्ली: उत्तर भारत के कई इलाकों में भारी बारिश के कारण आज 10 जुलाई को भी स्कूल व अन्य शिक्षण संस्थान बंद हैं। स्थानीय जिला प्रशासन के अधिकारियों के निर्देश पर हालात को देखते हुए हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के कई जिलों में स्कूल बंद रखने का निर्णय लिया गया है। बताया गया है की उत्तराखंड के 10 ज़िलों में भारी बारिश और भूस्खलन के कारण स्कूल बंद कर दिए गए हैं और 107 सड़कें बंद हैं। (Heavy Rainfall Havoc)
भारी बारिश के साथ आंधी-तूफान का अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने शुक्रवार को भी उत्तर भारत के कई इलाको में भारी बारिश के साथ आंधी-तूफान और बिजली गिरने को लेकर अलर्ट जारी किया है। इसी को देखते हुए एहतियात के तौर पर छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के मकसद से शिक्षण संस्थान बंद रखने का फैसला किया गया है। (Heavy Rainfall Havoc)
गाज़ियाबाद : सभी स्कूल बंद र
देश की राजधानी दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के गाज़ियाबाद ज़िला प्रशासन ने लगातार बारिश और छात्रों की सुरक्षा को लेकर चिंता के कारण 10 जुलाई को सभी स्कूल बंद रखने की घोषणा की है। यह कदम जलभराव, कम विज़िबिलिटी और खराब मौसम की स्थिति से होने वाले जोखिमों को कम करने के लिए उठाया गया है।
गुरुवार सुबह कई जगह हो गया था जलभराव
दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार सुबह हुई भारी बारिश के कारण कई जगहों पर जलभराव हो गया, जिससे नोएडा और गाज़ियाबाद में ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई। ज़िला अधिकारी मौसम की बदलती स्थिति पर बारीकी से नज़र रख रहे हैं और ज़रूरत पड़ने पर आगे भी एडवाइज़री जारी कर सकते हैं। छुट्टी को लेकर किसी भी तरह की उलझन होने पर छात्रों को सलाह दी गई है कि वे अपने स्कूल प्रशासन से संपर्क करें।
उत्तराखंड : कई ज़िलों में छुट्टी का ऐलान
लगातार बारिश और आईएमडी के ऑरेंज अलर्ट के बाद उत्तराखंड के कई ज़िलों में भी आज स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों में छुट्टी की घोषणा की गई है। अधिकारियों ने कहा कि यह फैसला एहतियाती उपाय के तौर पर लिया गया है क्योंकि कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ-साथ आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका है। लोगों को भी सलाह दी गई है कि वे बारिश से जुड़ी घटनाओं की संभावना को देखते हुए सतर्क रहें। देहरादून में, कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और प्राइवेट स्कूल, साथ ही आंगनवाड़ी केंद्र 10 जुलाई को बंद रहेंगे।
हिमाचल : सोलन और सिरमौर में स्कूल बंद
लगातार हो रही बारिश की वजह से हिमाचल प्रदेश के सोलन और सिरमौर ज़िलों में भी आज शिक्षण संस्थान बंद रहेंगे आईएमडी ने कांगड़ा, मंडी, शिमला, सोलन व सिरमौर ज़िलों में भारी बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। बुधवार सुबह से ही पहाड़ी राज्य के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश के साथ-साथ आंधी-तूफान और बिजली कड़कने की घटनाएं हुई हैं।
ये भी पढ़ें: Amarnath Yatra Updates: 1.5 लाख से अधिक तीर्थयात्रियों ने पूरी की यात्रा

