नई दिल्ली. इंडियन प्रीमियर लीग की फ्रेंचाइजी टीम पंजाब किंग्स के लिए चिंताजनक खबर सामने आई है. जानकारी के मुताबिक टीम को दो कोचिंग स्टाफ ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. ऑस्ट्रेलियाई कोच जेम्स होप्स और ब्रैड हैडिन ने पंजाब किंग्स (PBKS) का साथ छोड़ दिया है. ये खबर सैराज बहुतुले के फ्रेंचाइजी से अलग होने के बाद सामने आई है.
IANS की खबर के मुताबिक पंजाब किंग्स की टीम के कोचिंग स्टाफ ने एक साथ ही अपना पद छोड़ दिया है. टीम को एक के बाद एक तीन झटके लग चुके हैं. पंजाब किंग्स की टीम के मुख्य कोच ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग हैं. उन्होंने अपने ही देश के दो कोच को टीम के साथ जोड़ा था. होप्स टीम में बॉलिंग कोच की जिम्मेदारी निभा रहे थे. हैडिन पंजाब किंग्स के फील्डिंग कोच की भूमिका में थे. दोनों ने ऑस्ट्रेलिया की घरेलू राज्य टीमों में कोचिंग की जिम्मेदारी संभाल ली है.

पंजाब किंग्स को सबसे बड़ा झटका बहुतुले के भी जाने के बाद लगा था. PBKS को अगले सीजन से पहले अपने सपोर्ट स्टाफ में तीन नए कोच नियुक्त करने होंगे. बहुतुले ने भारतीय टीम में गौतम गंभीर के साथ स्पिन-बॉलिंग कोच की भूमिका संभालने के लिए फ्रेंचाइजी छोड़ी है. IPL से जुड़े एक सूत्र ने IANS को बताया, “हैडिन और होप्स पंजाब किंग्स से अलग हो गए हैं. IPL 2026 के बाद दोनों ने ऑस्ट्रेलिया की घरेलू लीग की टीम के साथ करार कर लिया है.
जानकारी के मुताबिक स्थानीय राज्य टीमों में मुख्य कोच की जिम्मेदारी संभाल ली है. होप्स ने क्वींसलैंड के मुख्य कोच का पद संभाल लिया है. वह BBL टीम ब्रिस्बेन हीट के भी मुख्य कोच होंगे. हैडिन ने न्यू साउथ वेल्स पुरुष टीम के मुख्य कोच का पद संभाला है. उन्हें BBL में भी कोचिंग की जिम्मेदारी मिल सकती है.”
सूत्रों के मुताबिक ने फ्रेंचाइजी नए कोचों की तलाश कर रही है. दिसंबर में होने वाली नीलामी से पहले इसे लेकर फैसला लिया जाएगा. सूत्र ने कहा, “PBKS के तीन नए कोचों को लेकर फैसला दिसंबर में IPL नीलामी से पहले होने की उम्मीद है. वे अपने सपोर्ट स्टाफ को पूरा करने के लिए एक भारतीय और दो विदेशी कोचों की तलाश कर रहे हैं.”

