UP News: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। हंडिया इलाके में मंगलवार को समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता पवन यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यादव पार्टी के प्रयागराज जिला सचिव और पूर्व ग्राम प्रधान थे। जानकारी के मुताबिक, बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने सपा नेता पवन यादव पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सपा प्रमुख ने की सरकार की आलोचना
यह घटना समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा उत्तर प्रदेश सरकार की कानून-व्यवस्था की स्थिति की आलोचना करने के दो हफ्ते बाद हुई है। उन्होंने आरोप लगाया था कि दूसरे राज्यों के अपराधी उत्तर प्रदेश में घुस आए हैं और बीजेपी सरकार पर अपराध में शामिल लोगों को बचाने का आरोप भी लगाया था।
अखिलेश ने सीएम पर साधा निशाना
X पर एक पोस्ट में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री लगातार कहते रहे हैं कि माफिया और अपराधी राज्य छोड़कर चले गए हैं, लेकिन असल में इसके उलट हुआ है। उनकी यह टिप्पणी उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उस बयान के एक दिन बाद आई है, जिसमें उन्होंने कहा था कि राज्य ने अपनी पुरानी ‘बीमारू’ राज्य वाली छवि को पीछे छोड़ दिया है और हेल्थकेयर, कनेक्टिविटी, शिक्षा और कानून-व्यवस्था में सुधार के कारण सम्मानजनक स्थिति हासिल की है।
सरकार पर अपराधियों को बचाने का आरोप
अपनी पोस्ट में यादव ने कहा, ”मुख्यमंत्री लगातार दावा करते रहे हैं कि माफिया और अपराधी उत्तर प्रदेश छोड़कर चले गए हैं, लेकिन यहां तो इसके उलट हुआ है। दूसरे राज्यों से गैंगस्टर और बदमाश यूपी आ रहे हैं, दर्जनों राउंड गोलियां चला रहे हैं और हत्याएं कर रहे हैं।” उन्होंने बीजेपी सरकार पर ऐसे अपराधों से जुड़े लोगों को बचाने का आरोप भी लगाया।
देवरिया में सीएम ने की थी सराहना
देवरिया के कार्यक्रम में आदित्यनाथ ने कहा, ”आज मैं कह सकता हूं कि यूपी सचमुच अपने नाम पर खरा उतरा है। अब कोई भी यूपी को ‘बीमारू’ राज्य नहीं कहता। अब उत्तर प्रदेश पर कोई सवाल नहीं उठाता। राज्य की छवि अब सम्मानजनक है।” उन्होंने कहा कि राज्य में कई मोर्चों पर बड़ा सुधार हुआ है और इस बदलाव का श्रेय उन्होंने शासन और विकास को दिया।

