एक बार फिर से लाल निशान के साथ हुई साप्ताहिक क्लोजिंग
Share Market Update (द भारत ख़बर), बिजनेस डेस्क : सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिन और केंद्रीय बजट से पहले भारतीय शेयर बाजार में एक बार फिर से गिरावट देखने को मिली। बाजार में शुक्रवार को नकारात्मक माहौल रहा और किसी भी तरह से बजट को लेकर उत्सुकता दिखाई नहीं दी। निवेशक बजट को लेकर सतर्क रहे जिससे एक बार फिर से शेयर बाजार ने गिरावट के साथ साप्ताहिक क्लोजिंग की।
शुक्रवार को आईटी और धातु शेयरों में कमजोरी के कारण बेंचमार्क सूचकांकों में गिरावट आई। वैश्विक विकास संबंधी चिंताओं और अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में वृद्धि के कारण आईटी क्षेत्र पिछड़ गया, जबकि मजबूत डॉलर के कारण सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट आई।
शुक्रवार को इस तरह रहा बाजार का हाल
30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 296.59 अंक या 0.36 प्रतिशत गिरकर 82,269.78 पर बंद हुआ। दिन के दौरान इसमें 625.34 अंक या 0.75 प्रतिशत की गिरावट आई और यह 81,941.03 पर पहुंच गया। 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 98.25 अंक या 0.39 प्रतिशत गिरकर 25,320.65 पर बंद हुआ। अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया शुक्रवार को अपने रिकॉर्ड निचले स्तर 92.02 पर पहुंच गया, लेकिन मजबूत अमेरिकी मुद्रा और अस्थिर भू-राजनीतिक संकेतों के बीच मामूली बढ़त के साथ 91.97 पर बंद हुआ।
इस बीच सेंसेक्स में सूचीबद्ध कंपनियों में टाटा स्टील के शेयरों में सबसे ज्यादा 4.57 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। आईसीआईसीआई बैंक, पावर ग्रिड, एचसीएल टेक, टेक महिंद्रा, इंफोसिस और कोटक महिंद्रा बैंक भी गिरावट दर्ज करने वाली कंपनियों में शामिल थीं।
सोना एक दिन में 14,000 रुपए सस्ता
दिल्ली सर्राफा बाजार में सोने में भी भारी बिकवाली का दबाव रहा। दिल्ली में 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 14,000 रुपए (7.65%) गिरकर 1,69,000 प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। गुरुवार को सोना 12,000 चढ़कर 1,83,000 रुपए प्रति 10 ग्राम के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा था।
इतनी रही चांदी की कीमत
दिल्ली सर्राफा बाजार में चांदी की कीमत 20,000 रुपए (करीब 5%) टूटकर 3,84,500 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई (सभी करों सहित)। गौरतलब है कि पिछले कारोबारी सत्र में चांदी ने 19,500 रुपए की छलांग लगाई थी और 4,04,500 रुपये प्रति किलोग्राम के अपने सर्वकालिक उच्च स्तर को छू लिया था। भारत ही नहीं अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी चांदी का प्रदर्शन बेहद कमजोर रहा। स्पॉट सिल्वर12.09% यानी 14 डॉलर टूटकर 101.47 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी। इंट्रा-डे कारोबार में तो यह 17.5% गिरकर 95.26 डॉलर प्रति औंस के निचले स्तर तक पहुंच गई थी।

