BCA Elections Cancels: सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (BCA) के चुनावों को रद्द कर दिया है। कोर्ट ने यह फैसला चुनावों में हुई कथित धांधली के मामले में दिया है। सुप्रीम कोर्ट ने जिला स्तर से लेकर राज्य क्रिकेट संघ तक की चुनाव प्रक्रिया की निगरानी के लिए ओडिशा हाई कोर्ट के पूर्व चीफ जस्टिस चक्रधारी शरण सिंह को BCA का एडमिनिस्ट्रेटर नियुक्त किया है।
जांच रिपोर्ट के आधार पर फैसला
सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जज जस्टिस एल. नागेश्वर राव की जांच रिपोर्ट के आधार उच्चतम न्यायालय ने यह फैसला सुनाया है। एडमिनिस्ट्रेटर की निगरानी में अब जिला स्तर से लेकर राज्य क्रिकेट संघ तक की चुनाव प्रक्रिया नए सिरे से कराई जाएगी।
मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा
बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के चुनाव में धांधली और नियमों के उल्लंघन की शिकायतों के बाद मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा था। याचिकाकर्ता आदित्य प्रकाश वर्मा की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता अभिनव श्रीवास्तव ने मामले में पक्ष रखा। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सुप्रीम कोर्ट ने सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति एल. नागेश्वर राव को मामले की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया था।
एडमिनिस्ट्रेटर की निगरानी में चुनाव
जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट को आधार बनाते हुए सुप्रीम कोर्ट ने न्यायमूर्ति चक्रधारी शरण सिंह को बीसीए का प्रशासक नियुक्त करने का निर्देश दिया। अब उनकी देखरेख में संघ की चुनावी प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा।
नई मतदाता सूची से चुनाव
चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए नई मतदाता सूची तैयार की जाएगी। इसके आधार पर जिला क्रिकेट संघों से लेकर बीसीए के मुख्य चुनाव तक की प्रक्रिया संचालित होगी।
निष्पक्षता से होगा चुनाव
न्यायमूर्ति चक्रधारी शरण सिंह के सामने अब बीसीए की चुनाव प्रक्रिया को नियमों के अनुरूप पूरा कराने की जिम्मेदारी होगी। उनकी निगरानी में चुनाव कार्यक्रम तैयार किया जाएगा और संबंधित सभी पक्षों को शामिल करते हुए प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
‘भ्रामक जानकारी फैलाई जा रही’
सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने के बाद बीसीएन ने कहा कि फैसले को लेकर आधी-अधूरी और भ्रामक जानकारी प्रसारित की जा रही है। संघ ने कहा कि वह सुप्रीम कोर्ट के आधिकारिक आदेश के अपलोड होने का इंतजार कर रहा है। आदेश मिलने और उसका अध्ययन करने के बाद ही बीसीए बयान जारी करेगा।

