Tata motors price increase: अगर आप टाटा की कार खरीदने की प्लानिंग कर रहे हैं, तो जितनी जल्दी हो सके खरीद लीजिए। टाटा मोटर्स 1 सितंबर से अपनी कारों और SUV की कीमतों में 25,000 रुपये तक की बढ़ोतरी करने जा रही है। कंपनी ने शुक्रवार को स्टॉक मार्केट को एक फाइलिंग में यह जानकारी दी।
सभी मॉडल और वेरियंट पर असर
कंपनी ने कहा, ”पेट्रोल-डीजल, सीएनजी और इलेक्ट्रिक कारों के सभी मॉडल और वेरियंट की कीमतें बढ़ेंगी। यह कदम लागत में बढ़ोतरी और लगातार बढ़ती महंगाई के असर को आंशिक रूप से कम करने के लिए उठाना पड़ रहा है।” टाटा मोटर्स ने कहा कि लागत में हुई बढ़ोतरी का एक बड़ा हिस्सा कंपनी खुद वहन कर रही है, जबकि इसका कुछ असर ग्राहकों पर भी डाला जा रहा है।
साणंद में कामकाज शुरू
इस बीच, टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स ने गुजरात में अपने साणंद मैन्युफैक्चरिंग प्लांट में कामकाज फिर से शुरू कर दिया है। बाढ़ की वजह से वहां प्रोडक्शन रुक गया था। कंपनी का अनुमान है कि इससे उसे लगभग 35 करोड़ से 40 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। कंपनी ने कहा कि साणंद प्लांट और इस प्लांट को सप्लाई करने वाले सप्लायर्स का कामकाज फिर से शुरू हो गया है। कंपनी ने एक्सचेंज फाइलिंग में कहा कि नुकसान के लिए जो इंश्योरेंस क्लेम किया जाएगा, वह “बहुत बड़ा नहीं” होगा।
इंश्योरेंस की दी जानकारी
टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स ने कहा, ”हालांकि नुकसान की असल रकम का पता लगाया जा रहा है, लेकिन यह रकम बहुत बड़ी नहीं (35 करोड़ रुपये से 40 करोड़ रुपये के बीच) होगी।” कंपनी ने कहा कि कामकाज को सामान्य करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए गए हैं।

