नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट टीम आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के तहत खेली जाने वाली श्रीलंका सीरीज के लिए तैयार हो रही है. अगले महीने टीन को 2 मैचों की सीरीज में खेलना है. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की चयन समिति इस सप्ताह श्रीलंका के खिलाफ होने वाले मुकाबलों के लिए टीम का ऐलान कर सकती है. चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर जल्द ही औपचारिक बैठक करेंगे. भारत और श्रीलंका के बीच पहला टेस्ट 15 अगस्त से गॉल में खेला जाएगा.
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, चयनकर्ता फिलहाल ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर की फिटनेस रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं. इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान सुंदर के दाएं हैमस्ट्रिंग में चोट लग गई थी. इसके कारण वह लॉर्ड्स में खेले गए तीसरे वनडे से बाहर हो गए थे. रिपोर्ट के अनुसार, लंदन पहुंचने के बाद सुंदर के दर्द में कमी आई थी, लेकिन उनका स्कैन कराया गया और रिपोर्ट विशेषज्ञों को भेजी गई. यदि चोट ग्रेड-1 या सामान्य मांसपेशियों में खिंचाव की भी होती है, तब भी उन्हें पूरी तरह फिट होने में कम से कम दो सप्ताह का समय लग सकता है.

भारतीय टीम के 4 अगस्त तक श्रीलंका रवाना होने की संभावना है. टेस्ट सीरीज से पहले यहां चार दिवसीय प्रैक्टिस मैच भी खेला जाएगा. ऐसे में चयनकर्ताओं के सामने सुंदर की उपलब्धता को लेकर बड़ा सवाल बना हुआ है. उनकी जगह पर स्पिन बॉलिंग ऑलराउंडर को ही चुने जाने की खबर है. श्रीलंका में स्पिनर मददगार साबित हो सकते हैं.
बुमराह और जडेजा की वापसी तय
श्रीलंका दौरे पर जसप्रीत बुमराह और रविंद्र जडेजा की टेस्ट टीम में वापसी लगभग तय मानी जा रही है. दोनों खिलाड़ियों को अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच के लिए आराम दिया गया था. अजीत अगरकर पहले ही साफ कर चुके हैं कि रविंद्र जडेजा टेस्ट क्रिकेट में भारत के नंबर-1 स्पिनर हैं. ऐसे में उनकी वापसी तय मानी जा रही है. अगर वॉशिंगटन सुंदर फिट नहीं हो पाते हैं तो चयनकर्ता हर्ष दुबे को बरकरार रख सकते हैं. ऑफ स्पिनर सारांश जैन को मौका देकर स्पिन आक्रमण में विविधता ला सकते हैं. मानव सुथार और कुलदीप यादव के टीम में बने रहने की संभावना है. तेज गेंदबाजी विभाग में मोहम्मद सिराज, गुरनूर बराड़ और प्रसिद्ध कृष्णा को जगह मिलने की उम्मीद है.

