नई दिल्ली. आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2027 में फैंस पूर्व कप्तान रोहित शर्मा के खेलते देखने का सपना दिल में सजाए बैठे हैं. इंग्लैंड से अचानक ऐसी खबर आई जिसने तमाम फैंस का दिल तोड़ दिया. रिपोर्ट में दावा किया जा रहा है कि रोहित शर्मा लॉर्ड्स में इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के आखिरी मैच के बाद संन्यास की घोषणा कर देंगे. बताया जा रहा है कि चयनकर्ताओं ने उनको 2027 वर्ल्ड कप की टीम में जगह ना देने की बात बता दी है. बीसीसीआई की तरफ से अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है. दूसरे वनडे के बाद बल्लेबाजी कोच के बयान ने तमाम अटकलों को खारिज कर दिया.
भारत के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में रोहित शर्मा की खराब फॉर्म को लेकर उठ रहे सवालों को खारिज कर दिया है. उनका कहना है कि रोहित जैसे अनुभवी खिलाड़ी पर किसी तरह का दबाव नहीं है. कार्डिफ की मुश्किल बल्लेबाजी परिस्थितियों की वजह से वह बड़ी पारी नहीं खेल सके. दूसरे वनडे में रोहित शर्मा ने 43 गेंद पर 26 रन बनाए. वह शुरुआत से सहज नहीं दिखे और विल जैक्स की गेंद पर स्वीप शॉट खेलने की कोशिश में आउट हो गए.

मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कोटक ने कहा, “रोहित शर्मा जैसे बड़े खिलाड़ी पर दबाव नहीं हो सकता. वह इतने अनुभवी हैं कि ऐसी परिस्थितियों से अच्छी तरह निपटना जानते हैं. आज भी ऐसा लग रहा था कि वह बड़ी पारी खेल सकते हैं, लेकिन ऐसा नहीं हो सका. लॉर्ड्स में आप रोहित शर्मा की बिल्कुल अलग पारी देख सकते हैं. मैं यह नहीं कहूंगा कि वह संघर्ष कर रहे हैं. कार्डिफ की पिच पर डबल बाउंस और असमान उछाल की वजह से उनके पसंदीदा शॉट खेलना आसान नहीं था.”
ऑस्ट्रेलिया दौरे पर वनडे सीरीज में दमदार बल्लेबाजी कर वापसी करने वाले रोहित शर्मा के लिए अफगानिस्तान की सीरीज भी ठीक ठाक रही थी. इंडियन प्रीमियर लीग में औसत प्रदर्शन के बाद इंग्लैंड के खिलाफ हालिया सीरीज के दो मैच में फ्लॉप रहे. अब तीसरे वनडे के बाद उनके संन्यास की खबर सामने आई है. रिपोर्ट में दावा किया गया है कि कोच गौतम गंभीर और मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने 2027 वर्ल्ड कप की योजना रोहित के साथ शेयर की है. उनको बता दिया गया है कि वो अब इसका हिस्सा नहीं हैं. रोहित टेस्ट और टी20 से संन्यास ले चुके हैं. वनडे में वो सिर्फ वर्ल्ड कप की वजह से खेल रहे हैं. अब अगर उनको चयनकर्ता टीम में नहीं रखेंगे तो खेलते रहने का कोई मतलब नहीं होगा.

