नूंह. हरियाणा के नूंह जिले में चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान के तहत तावडू सीआईए को बड़ी सफलता मिली है. सीआईए ने दो नशा तस्करों को 2 किलो 125 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है.
आरोपियों की पहचान अरबाज पुत्र हाकमदीन निवासी नानुका, जिला नूंह तथा सलीम पुत्र कमरुदीन निवासी खेडी, जिला खैरथल राजस्थान के रूप में हुई है. बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ 30 लाख रुपये बताई जा रही है.
प्रेस वार्ता में एसपी डॉ अर्पित जैन ने बताया कि नशा मुक्ति अभियान के तहत तावडू सीआईए प्रभारी प्रदीप कुमार के नेतृत्व में एक टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी. इस दौरान पुलिस को सूचना मिली थी कि दो सक्रिय नशा तस्कर एक काले रंग की क्रेटा कार में हेरोइन लेकर रंगाला घाटी के रास्ते नानुका की ओर आने वाले हैं.
सूचना के आधार पर तावडू अपराध अनुसंधान शाखा की टीम ने रंगाला घाटी के पास नाकाबंदी की. इसी दौरान संदिग्ध क्रेटा कार पुलिस को देखकर तेज गति से भागने का प्रयास करने लगी और पुलिस की सरकारी गाड़ियों को टक्कर मार दी. इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया और दोनों आरोपियों को काबू कर लिया. टीम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में वाहन की तलाशी ली.
तलाशी के दौरान सीट के पीछे छिपाकर रखे गए 40 पैकेट बरामद हुए. जांच करने पर इनमें हेरोइन पाई गई, जिसका कुल वजन 2 किलो 125 ग्राम निकला. पुलिस ने मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर सील किया तथा क्रेटा कार को भी जब्त कर लिया. आरोपियों के खिलाफ थाना सदर तावडू में एनडीपीएस एक्ट तथा अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है.
पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन ने बताया कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और अप्रैल में कार्यभार संभालने के बाद से विभिन्न टीमों को इस दिशा में सक्रिय किया गया है. उन्होंने कहा कि तावडू सीआईए और जिला एंटी नारकोटिक सेल की टीमों द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने डीएसपी अभिमन्यु लोहान और सीआईए तावडू प्रभारी प्रदीप हुड्डा सहित पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि बीते 20 दिनों में यह दूसरी बड़ी सफलता है, जो नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई है.
गिरफ्तार दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें दो दिन पुलिस रिमांड पर लिया गया है. अब उनसे पूछताछ कर हेरोइन की सप्लाई चेन, खरीद-फरोख्त के नेटवर्क और इस मामले से जुड़े अन्य संभावित आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है. साथ ही आरोपियों की संपत्ति और आर्थिक गतिविधियों की भी जांच की जा रही है, ताकि नशा तस्करी के पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके.
गौर रहे कि 26 अगस्त को भी तावडू सीआईए की टीम ने 1 किलो 597 ग्राम मादक पदार्थ हीरोइन सहित दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया था. इस संदर्भ में नूंह शहर थाना में केस दर्ज किया गया था. उस मामले में बरामद की गई हेरोइन की कीमत भी करीब 3:15 करोड रुपए आकी गई थी.

