शुक्रवार को सेंसेक्स 918.60 व निफ्टी 275.50 अंक की बढ़त के साथ हुआ बंद
Share Market Update (द भारत ख़बर), बिजनेस डेस्क : भारतीय शेयर बाजार ने इस सप्ताह शानदार प्रदर्शन किया है। पूरे सप्ताह में केवल एक दिन ही शेयर बाजार गिरावट के साथ बंद हुआ। वह भी गुरुवार को लेकिन शुक्रवार को सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिन शेयर बाजार ने पिछली गिरावट को भूलते हुए शानदार प्रदर्शन किया और दिन का समय समाप्त होने पर सेंसेक्स और निफ्टी शानदार तेजी के साथ बंद हुए।
जानकारों का कहना है कि अमेरिका-ईरान वार्ता से पहले पश्चिम एशिया संकट में और अधिक नरमी आने की उम्मीदों और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के बीच निवेशकों का मनोबल बढ़ा है। इसके साथ ही एशियाई बाजारों में, दक्षिण कोरिया का बेंचमार्क कोस्पी, जापान का निक्केई 225 सूचकांक, शंघाई का एसएसई कंपोजिट सूचकांक और हांगकांग का हैंग सेंग सूचकांक उच्च स्तर पर बंद हुए। यूरोपीय बाजार सकारात्मक दायरे में कारोबार कर रहे थे। गुरुवार को अमेरिकी बाजार बढ़त के साथ बंद हुए।
इस तरह रहा सेंसेक्स और निफ्टी का प्रदर्शन
30 शेयरों वाला सेंसेक्स 918.60 अंक बढ़कर 77,550.25 पर बंद हुआ, वहीं निफ्टी 275.50 अंक बढ़कर 24,050.60 पर पहुंच गया। वहीं, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 22 पैसे गिरकर 92.73 पर बंद हुआ। बैंकिंग शेयरों में खरीदारी और वैश्विक शेयर बाजारों में सकारात्मक रुझान के चलते शुक्रवार को शेयर बाजार के बेंचमार्क सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में 1 प्रतिशत से अधिक की तेजी आई।
पूरा दिन सकारात्मक दायरे में रहा बाजार
दिनभर सकारात्मक दायरे में रहने के बाद, 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स बाद में 918.60 अंक या 1.20 प्रतिशत बढ़कर 77,550.25 पर बंद हुआ। दिन के दौरान, यह 990.85 अंक या 1.29 प्रतिशत बढ़कर 77,622.50 पर पहुंच गया था।
50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 275.50 अंक या 1.16 प्रतिशत चढ़कर 24,050.60 पर बंद हुआ। बैंकिंग, आॅटो और वित्तीय क्षेत्र के शेयरों में खरीदारी के कारण सकारात्मक रुझान देखने को मिला, जबकि टीसीएस के वित्तीय परिणामों के बाद आईटी शेयरों में कुछ मुनाफावसूली हुई। सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से एशियन पेंट्स, आईसीआईसीआई बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, इंटरग्लोब एविएशन, एक्सिस बैंक और स्टेट बैंक आॅफ इंडिया को सबसे ज्यादा लाभ हुआ। दूसरी ओर, सन फार्मा, इंफोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, टेक महिंद्रा और एचसीएल टेक पिछड़ गए।
ये भी पढ़ें : Gold Price Update : सोना 400 रुपए चमका, चांदी 3800 रुपए महंगी

