Bankipur Bypoll 2026 Election Date |Bankipur Bypoll 2026 Election Result Date: बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए चुनाव प्रचार का आज आखिरी दिन है. आज यानी मंगलवार शाम 5 बजे प्रचार अभियान खत्म हो जाएगा, जिसके बाद उम्मीदवार जनसंपर्क नहीं कर सकेंगे. इस सीट पर मुकाबला बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि सत्ताधारी एनडीए अपनी मजबूत पकड़ बरकरार रखने की कोशिश में है, वहीं विपक्ष और अन्य दल भी पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में हैं. ऐसे में 30 जुलाई को होने वाला मतदान सभी राजनीतिक दलों के लिए जीत की लड़ाई बन गया है.
नामांकन के बाद 25 उम्मीदवार मैदान में
बांकीपुर उपचुनाव के लिए 6 जुलाई से 13 जुलाई के बीच नामांकन की प्रक्रिया पूरी हुई थी. जांच के दौरान तेज प्रताप यादव की पार्टी जनशक्ति जनता दल की प्रत्याशी वीणा मानवी समेत कई उम्मीदवारों के नामांकन रद्द कर दिए गए. इसके अलावा एक उम्मीदवार ने अपना नाम वापस ले लिया. इन सभी प्रक्रियाओं के बाद अब चुनावी मैदान में कुल 25 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं.
कब होगा बांकीपुर उपचुनाव का मतदान?
बांकीपुर विधानसभा सीट पर 30 जुलाई को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान कराया जाएगा. चुनाव आयोग और जिला प्रशासन ने मतदान को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं. विधानसभा क्षेत्र में कुल 3,79,616 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. मतदान के लिए 422 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. चूंकि एक ईवीएम में अधिकतम 16 उम्मीदवारों के नाम ही शामिल किए जा सकते हैं और इस चुनाव में 25 उम्मीदवार हैं, इसलिए सभी मतदान केंद्रों पर दो ईवीएम का इस्तेमाल किया जाएगा.
कब आएगा बांकीपुर उपचुनाव का परिणाम?
मतदान के बाद मतगणना 3 अगस्त को पटना के एएन कॉलेज में सुबह 8 बजे से शुरू होगी. इसी दिन उपचुनाव का रिजल्ट घोषित किया जाएगा. भले ही चुनाव केवल एक विधानसभा सीट पर हो रहा है, लेकिन इसे राजनीतिक रूप से काफी बड़ा माना जा रहा है. बीजेपी इस सीट को अपने कब्जे में बनाए रखने के लिए पूरी ताकत लगा रही है, जबकि विपक्षी दल भी जीत हासिल करने के लिए जोरदार प्रयास कर रहे हैं.
इस उपचुनाव में मेन मुकाबला बीजेपी के उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा, आरजेडी की प्रत्याशी रेखा गुप्ता और जन सुराज के संस्थापक एवं उम्मीदवार प्रशांत किशोर के बीच माना जा रहा है. तीनों नेताओं ने चुनाव प्रचार के दौरान व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया और मतदाताओं को अपने पक्ष में करने की कोशिश की.
जिला प्रशासन ने दिए निष्पक्ष मतदान के निर्देश
जिला निर्वाचन पदाधिकारी एवं पटना के डीएम कुंदन कुमार ने चुनाव ड्यूटी में तैनात सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निष्पक्षता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान केवल निष्पक्ष रहना ही नहीं, बल्कि व्यवहार और कार्यशैली से भी निष्पक्षता दिखाई देनी चाहिए. सेक्टर अधिकारियों को मतदान कर्मियों के ठहरने, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाएं मतदान केंद्रों पर ही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं. साथ ही मतदान सामग्री प्राप्त करने से लेकर मतदान के बाद उसे जमा करने तक किसी भी स्थान पर अनावश्यक रूप से नहीं रुकने को कहा गया है.

