नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट टीम ने महिला एशिया कप 2026 के पहले मुकाबले में पाकिस्तान को करारी शिकस्त दी. अब दूसरी बार दोनों की टक्कर फाइनल में होने की संभावना जताई जा रही है. हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में टीम लगातार तीन मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में पहुंची है. वहीं भारत से शर्मनाक हार झेलने वाली पाकिस्तान की टीम भी अंतिम चार टीमों में जगह बनाने में कामयाब रही. अब तमाम फैंस के अंदर सवाल यह है कि क्या 13 सितंबर फिर से दोनों टीमें आमने सामने होंगी.
महिला एशिया कप 2026 के फाइनल मुकाबले को लेकर लोगों के अंदर उत्सुकता बढ़ गई है. सवाल यही है कि क्या रविवार को होने वाले फाइनल में एक बार फिर भारत और पाकिस्तान की हाई-वोल्टेज भिड़ंत देखने को मिलेगी. इसकी संभावना की बात करें तो जवाब है हां. ऐसा बिल्कुल संभव है क्योंकि दोनों टीमें सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है. अपने अपने मैच को जीतने के बाद भारत और पाकिस्तान का फाइनल पूरी तरह से संभव है. हालांकि ये भारत और पाकिस्तान दोनों ही टीम के लिए इतना आसान नहीं होने वाला.
भारत और पाकिस्तान की टीमों के एशिया कप में एक ही ग्रुप में जगह मिली थी. ग्रुप मुकाबले में टीम इंडिया ने पाकिस्तान को महज 55 रन पर ऑलआउट कर दिया. जो उसके टी20 इंटरनेशनल का सबसे छोटा स्कोर है. उसके बाद महज 52 बॉल में 3 विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर जीत दर्ज की. ग्रुप ए में टॉप पर रहने वाले भारत को सेमीफाइनल मुकाबला ग्रुप बी की दूसरे नंबर की टीम से खेलना है. वहीं पाकिस्तान की टीम ग्रुप बी की टॉप टीम से सेमीफाइनल में खेलेगी.
भारतीय टीम के सामने सेमीफाइनल में बांग्लादेश की टीम है. वहीं पाकिस्तान का सामना धमाकेदार खेल दिखाकर तीनों ग्रुप मुकाबले जीतने वाली श्रीलंका से है. भारत और पाकिस्तान के बीच फाइनल मुकाबला तभी संभव होगा जब दोनों टीम को जीत मिले. भारत के लिए बांग्लादेश घातक साबित हो सकता है जबकि पाकिस्तान को श्रीलंका से खतरा है. भारतीय टीम 10 सितंबर को बांग्लादेश के खिलाफ भारतीय समय के मुताबिक रात 8 बजे खेलने उतरेगी. अगले दिन यानी 11 सितंबर को श्रीलंका से पाकिस्तान का मुकाबला दूसरे सेमीफाइनल में होगा.

