नई दिल्ली. वेस्टइंडीज के खिलाफ पाकिस्तान की टीम को मिली शर्मनाक हार के बाद आईसीसी की मार पड़ी. टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद अब्बास और खुर्रम शहजाद पर एक्शन लिया है. वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट के दौरान ICC आचार संहिता (Code of Conduct) का उल्लंघन करने के कारण कार्रवाई की गई है. दोनों खिलाड़ियों को बल्लेबाजों के आउट होने के बाद आक्रामक अंदाज में जश्न मनाने का दोषी पाया गया.
ICC ने दोनों खिलाड़ियों को लेवल-1 अपराध का दोषी माना है. यह ICC आचार संहिता के अनुच्छेद 2.5 के तहत आता है. इसमें बल्लेबाज के आउट होने के बाद ऐसे शब्द, इशारे या हरकतें करने पर रोक है जिससे सामने वाला खिलाड़ी उकसाया या आक्रामक प्रतिक्रिया देने के लिए प्रेरित हो सकता है.
Jayden Seales put on a clinic in the second innings to secure West Indies the victory over Pakistan in the first Test in Tarouba 🙌
More 👉 https://t.co/P77hdEAfrp pic.twitter.com/syhcEFHBLj
— ICC (@ICC) July 29, 2026
खुर्रम शहजाद पर मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है. इसके अलावा उनके खाते में एक डिमेरिट अंक भी जोड़ा गया है. उन्होंने वेस्टइंडीज की दूसरी पारी के 17वें ओवर में शाई होप को आउट करने के बाद उनके बेहद करीब जाकर जश्न मनाया था, जिसे ICC ने खेल भावना के खिलाफ माना. दूसरी ओर, मोहम्मद अब्बास को आधिकारिक फटकार (Official Reprimand) दी गई है. उनके खाते में भी एक डिमेरिट अंक जोड़ा गया है. अब्बास ने वेस्टइंडीज की पारी का आखिरी विकेट जोमेल वारिकन का लेने के बाद काफी आक्रामक अंदाज में जश्न मनाया था.
ICC के अनुसार दोनों खिलाड़ियों का सेलिब्रेशन लिमिट से बाहर था. जो दोनों गेंदबाजों ने किया वो बल्लेबाजों को उकसाने वाला था. इसी वजह से दोनों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई. गौरतलब है कि वेस्टइंडीज ने इस मुकाबले में पाकिस्तान को 90 रन से हराकर दो मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है. अब दोनों टीमों के बीच दूसरा और अंतिम टेस्ट जल्द खेला जाएगा, जहां पाकिस्तान सीरीज बराबर करने की कोशिश करेगा.

