नई दिल्ली. पाकिस्तान की टीम का स्वागत इंग्लैंड की टीम ने हेडिंग्ले टेस्ट में कहर बरपाती तेज गेंदबाजी से किया है. बिना अपने स्टार खिलाड़ी और कप्तान बाबर आजम के उतरी टीम 200 रन भी नहीं बना पाई.सिर्फ दो इंग्लिश गेंदबाजों ने मिलकर पूरी टीम का सफाया कर दिया. इंग्लैंड के तेज गेंदबाजों जोश टंग और ओली रॉबिन्सन ने हेडिंग्ले टेस्ट के पहले दिन पाकिस्तान की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी. दोनों पांच-पांच विकेट झटक पारी को महज 171 रन पर समेट दिया. दूसरे दिन का खेल जब शुरु हुआ तो पाकिस्तान को बेहतर गेंदबाजी की उम्मीद थी लेकिन मेजबान ने आसानी से 150 रन का स्कोर बना डाला. पहले दिन इंग्लैंड ने 2 विकेट गंवाकर 112 रन बनाए थे. टंग और रॉबिन्सन ने 27.1 ओवर करते हुए 97 रन दिए और 10 विकेट अपने नाम किया.
इंग्लैंड के ओली रॉबिन्सन ने पहली बॉल पर विकेट लेकर पाकिस्तान को झटका दिया था. इसके बाद उन्होंने जोश टंग के साथ मिलकर पूरी टीम का सफाया कर दिया. जोश ने इस दौरान एक खास उपलब्धि हासिल की. वो मौजूदा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में विकटों की फिफ्टी जमाने वाले गेंदबाज बन गए. इस मौजूदा साइकल में 50 विकेट हासिल करने वाले पहले गेंदबाज बने. टंग ने 10 टेस्ट में 50 विकेट लिए हैं और उनके नाम तीन पांच विकेट हॉल हो चुके हैं.
Robinson 🤝 Tongue
🔟 wickets between them on D1! 🔥
Full highlights from the opening day pic.twitter.com/udnoqVnmtu— England Cricket (@englandcricket) August 20, 2026
जोश टंग ने पाकिस्तान के ओपनर इमाम-उल-हक को 42 रन के स्कोर पर आउट कर टीम को वापसी कराई. जब उन्होंने ये विकेट चटकाया तो इमाम और अब्दुल्ला शफीक के बीच 91 रन की साझेदारी हो चुकी थी. टंग का अगला शिकार बाबर आजम की जगह पर कप्तानी संभाल रहे सलमान आगा थे. पूर्व कप्तान मोहम्मद रिजवान और अली उस्मान को लगातार गेंद पर आउट कर इस तेज गेंदबाज ने पाकिस्तान की हालत खराब कर दी. मोहम्मद अब्बास का विकेट लेकर पारी में 5 विकेट पूरे किए. 9.1 ओवर में महज 46 रन देकर उन्होंने यह 5 विकेट अपने नाम किए.
जोश टंग ने जो कहर ढाया उसकी शुरुआत ओली रॉबिन्सन ने ही की थी उन्होंने ओपनर अजान अवाइज को पहली बॉल पर lbw कर वापस भेजा था. शान मसूद, अब्दुल्ला शफीक और सऊद शकील का विकेट हासिल कर उन्होंने पाकिस्तान के बल्लेबाजी को तार तार कर दिया. पाकिस्तान के निचले क्रम को समेटते हुए पांच विकेट हासिल किए. 18 ओवर की गेंदबाजी करते हुए इस बॉलर ने 51 रन खर्च किए और आधी पाकिस्तानी टीम को निपटा दिया.
पाकिस्तान के खिलाफ टंग और रॉबिन्सन ने मिलकर 10 विकेट लेकर खास कारनामा अंजाम दिया. साल 1998 के बाद ऐसा पहली बार हुआ जब टेस्ट मैच में किसी टीम के खिलाफ दो तेज गेंदबाज ने मिलकर पूरी टीम को समेट दिया. इससे पहले एंडी कैडिक और एंगस फ्रेजर ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पोर्ट ऑफ स्पेन में यह कारनामा किया था.

