सर्वे में सिर्फ 33% अमेरिकियों ने ट्रम्प के कामकाज को सही बताया
Donald Trump, (द भारत ख़बर), वॉशिंगटन डीसी: डोनाल्ड ट्रंप की लोकप्रियता उनके राष्ट्रपति कार्यकाल के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गई है। रॉयटर्स और इप्सोस के एक सर्वे के मुताबिक, ज्यादातर अमेरिकी लोगों को डर है कि ईरान के साथ अमेरिका की जंग लंबे समय तक चल सकती है और यही वजह है कि राष्ट्रपति उन्हें रास नहीं आ रहे हैं।
चार दिन तक चले इस सर्वे में सिर्फ 33% लोगों ने ट्रंप के कामकाज को सही बताया, जबकि 64% लोगों ने इसे गलत बताया। यह ट्रम्प के मौजूदा राष्ट्रपति कार्यकाल की सबसे कम अप्रूवल रेटिंग है। इससे पहले इसी महीने हुए सर्वे में ट्रम्प की अप्रूवल रेटिंग 35% थी। मौजूदा 33% की रेटिंग उनके पहले कार्यकाल के दिसंबर 2017 में दर्ज सबसे निचले स्तर के बराबर है।
5 में से 1 अमेरिकी ने ईरान से युद्ध को सही बताया
सर्वे में 80% अमेरिकियों ने कहा कि ईरान के साथ अमेरिका की जंग लंबे समय तक चल सकती है। इनमें 87% डेमोक्रेट और 71% रिपब्लिकन शामिल हैं। सिर्फ 16% लोगों का मानना है कि यह युद्ध कुछ हफ्तों में खत्म हो जाएगा। वहीं केवल 5 में से 1 अमेरिकी का मानना है कि ईरान के खिलाफ युद्ध करना सही फैसला था।
शांति वार्ता के लिए तय 60 दिन की समयसीमा बढ़ाने से ट्रम्प का इनकार
उधर, ट्रम्प ने ईरान के साथ शांति वार्ता के लिए तय 60 दिन की समयसीमा बढ़ाने से इनकार कर दिया है। सोमवार को यह डेडलाइन खत्म हो गई। ट्रम्प ने कहा कि ईरान समझौता करना चाहता है, लेकिन वह उस तरह की डील के लिए तैयार नहीं है, जिसे अमेरिका जरूरी मानता है।
ईरान के परमाणु कार्यक्रम को खत्म करना अमेरिका की प्रमुख मांग
ओवल आॅफिस में पत्रकारों से बातचीत में ट्रम्प ने कहा, वे समझौता करना चाहते हैं, लेकिन वे उस तरह का समझौता नहीं करने जा रहे, जिसे मैं जरूरी मानता हूं। अमेरिका की प्रमुख मांग ईरान के परमाणु कार्यक्रम को खत्म करना है। वहीं, ईरान अपने परमाणु कार्यक्रम को शांतिपूर्ण ऊर्जा के लिए जारी रखने की बात कहता रहा है। यही दोनों देशों के बीच सबसे बड़ा विवाद बना हुआ है।
ये भी पढ़ें: सुप्रीम कोर्ट ने फांसी की जगह मौत का इंजेक्शन देने की मांग खारिज की

