विश्व कप से पहले टीम ने किया शानदार प्रदर्शन
Ind vs NZ T20 Series (द भारत ख़बर), खेल डेस्क : विश्व कप की तैयारियों को जबरदस्त तरीके से पुख्ता करते हुए टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को पांच मैच की सीरीज में 4-1 से मात दे दी है। इस सीरीज का सबसे बड़ा और सकारात्मक पहलू भारतीय टीम के सभी बल्लेबाजों का शानदार प्रदर्शन रहा। पूरी सीरीज में टीम के बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। जिससे विश्व कप की तैयारियों को बल मिला। ज्ञात रहे कि टी20 विश्व कप का आगाज सात फरवरी से हो रहा है। भारत इस समय टी20 विश्व विजेता भी है और विश्व कप का आयोजक देश भी है। इसलिए टीम से शानदार प्रदर्शन की उम्मीद करोड़ों क्रिकेट प्रशंसक लगा रहे हैं।
पांचवें टी20 मुकाबले में छाए भारतीय बल्लेबाज
सीरीज का अंतिम और पांचवां मुकाबला गत रात्रि तिरुवंतपुरम में खेला गया। इस मैच में टॉस जीतकर भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने बैटिंग करने का निर्णय लिया। इस मैच में यदि सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन को छोड़ दिया जाए तो अन्य सभी बल्लेबाजों ने ताबड़तोड़ रन बनाए।
मैच में ईशान किशन की शतकीय और सूर्यकुमार यादव की अर्धशतकीय पारियों और हार्दिक पांड्या की तेज तरार पारी की मदद से 20 ओवर में पांच विकेट पर 271 रन बनाए। यह उनका बांग्लादेश (297/6) और श्रीलंका (283/1) के बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरा सबसे बड़ा टी20 स्कोर है। वहीं, न्यूजीलैंड के खिलाफ टीम इंडिया ने अपना सबसे बड़ा स्कोर भी बनाया। जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 225 रन ही बना सकी और आॅलआउट हो गई। उनके लिए फिन एलन ने 80 रनों की पारी खेली।
अर्शदीप ने पांच विकेट झटके
अंतिम ओवरों में तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने शानदार वापसी करते हुए कहर बरपाया। शुरूआती ओवरों में महंगे साबित होने के बावजूद अर्शदीप ने अंतिम तीन ओवरों में चार विकेट झटकते हुए कुल 5 विकेट (5/51) अपने नाम किए। न्यूजीलैंड की पूरी टीम 225 रन पर आॅलआउट हो गई और इस तरह वह लक्ष्य से 46 रन पीछे रह गई। बड़े स्कोर के दबाव और भारतीय गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन के सामने न्यूजीलैंड की टीम अंतत: घुटने टेकने पर मजबूर हो गई।

