कहा, दोनों देशों का आपसी व्यापार आने वाले समय में नई ऊंचाइयों को छुएगा
India-US Trade Deal Historical (द भारत ख़बर), बिजनेस डेस्क : भारत और अमेरिका के बीच होने जा रहे व्यापार समझौते पर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच होने जा रही यह ट्रेड डील ऐतिहासिक है और दोनों देशों के आपसी व्यापार को नई ऊंचाई तक लेकर जाएगी। उद्योग मंत्री ने कहा कि भारत के निर्यातकों में पिछले कुछ माह से निराशा का माहौल था।
अमेरिका द्वार टैरिफ कम करने के बाद एक तरफ जहां उनकी परेशानी कम होगी वहीं भारत के उत्पादों को दोबारा से अमेरिकी बाजार सस्ती दरों पर उपलब्ध होगा। गोयल ने कहा कि अमेरिका के अतिरिक्त भी भारत ने कई अहम एफटीए किए हैं जिससे देश के निर्यात के साथ-साथ उर्थव्यवस्था भी मजबूत हुई है।
विश्व शांति और विकास के लिए मिलकर करेंगे काम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को भारत-अमेरिका ऐतिहासिक व्यापार समझौते पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह समझौता दो समान विचारधारा वाले लोकतंत्रों भारत और अमेरिका के बीच साझी समृद्धि की ताकत को दिखाता है। गोयल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बताया कि यह डील दोनों देशों के बीच तकनीक साझा करने, नए समाधान विकसित करने और शांति व विकास के लिए मिलकर काम करने का अवसर है।
किसानों और उद्योगों के लिए अवसर
गोयल ने कहा कि यह डील दोनों देशों के लिए फायदेमंद है। इसके जरिये नागरिकों और उद्योगों को भी बड़ा लाभ मिलेगा। इस समझौते से भारत-अमेरिका के आर्थिक और तकनीकी संबंध और मजबूत होंगे और दोनों देशों का भविष्य उज्जवल बनेगा। कहा कि यह समझौता किसानों, छोटे और मध्यम उद्योगों, उद्यमियों और कुशल कर्मचारियों के लिए नए अवसर खोलेगा। मंत्री ने विशेष रूप से बताया कि इस डील से भारत ‘मेक इन इंडिया, डिजाइन इन इंडिया, इनोवेट इन इंडिया’ की दिशा में और मजबूत होगा और अमेरिका से तकनीक हासिल करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक व्यापार समझौता नहीं है, बल्कि भारत-अमेरिका संबंधों में ऐतिहासिक बदलाव है और यह भारत को 2047 तक विकसित भारत बनाने की दिशा में भी मदद करेगा।
ये भी पढ़ें : Gold Price Update : सोने और चांदी के दाम में बड़ी गिरावट

