सोमवार को भी गिरे दोनों के दाम, चांदी में 10 साल की सबसे बड़ी गिरावट
Gold Price Update (द भारत ख़बर), बिजनेस डेस्क : भारतीय सर्राफा बाजार में सोने-चांदी की कीमतों में गत सप्ताह से शुरू हुआ गिरावट का दौर लगातार जारी है। लगातार चार दिन में ही इन दोनों कीमती धातुओं के दाम औंधे मुंह गिरे हैं। हालात यह हैं कि बीते गुरुवार जहां चांदी चार लाख 20 हजार रुपए प्रति किलो और सोना एक लाख 97 हजार रुपए प्रति 10 ग्राम था। वहीं सोमवार को चांदी 2.33 लाख रुपए जबकि सोना एक लाख 34 हजार रुपए पर आ चुका है। सोमवार को भी सोना 8000 रुपए तक सस्ता हो गया।
वहीं चांदी में 31,800 रुपए तक की गिरावट देखने को मिली। कीमतों में अस्थिरता का दौर जारी है। एमसीक्स पर सोने का भाव 8,187 रुपए गिरकर 1,34,00 रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गया। इसमें 5.76 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। वहीं चांदी 31,878 रुपये सस्ती होकर 2.33 लाख रुपए प्रति किलो पर आ गई। इसमें 12 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। सोमवार की शुरूआती ट्रेडिंग में अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्पॉट गोल्ड करीब 4% तक फिसला, जबकि चांदी में भी इसी के आसपास गिरावट दर्ज की गई। हालांकि, 12% तक टूटने के बाद चांदी 80 डॉलर प्रति औंस के स्तर से ऊपर टिक गई। इससे पहले सत्र में चांदी ने अब तक की सबसे बड़ी इंट्राडे गिरावट दर्ज की थी, जो बीते 10 वर्षों की सबसे तेज गिरावट मानी जा रही है।
शेयर बाजार में जबरदस्त तेजी
रविवार को विशेष कारोबारी दिवस के दौरान शेयर बाजार में बजट से निराशा छा गई और सेंसेक्स 1500 से ज्यादा अंक टूट गया। वहीं सोमवार को भारत पर और अमेरिका के बीच व्यापार समझौता जल्द होने की खबरों से शेयर बाजार झूम उठा। इस दौरान बजट वाले दिन भारी गिरावट की रिकवरी हो गई और सेंसेक्स 943 अंक चढ़ गया। इस दौरान निफ्टी में भी 263 अंक की तेजी दिखाई दी। जानकारों का कहना है कि पिछले करीब तीन सत्र से शेयर मार्केट में आई गिरावट से अब उबरने की उम्मीद है। अमेरिका द्वारा टैरिफ कम करने और व्यापार समझौता होने के ऐलान से शेयर बाजार में तेजी का लंबा दौर चल सकता है।
इस तरह रहा शेयर बाजार का हाल
30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 943.52 अंक या 1.17 प्रतिशत बढ़कर 81,666.46 पर बंद हुआ। दिन के दौरान, यह 1,009.31 अंक या 1.25 प्रतिशत बढ़कर 81,732.25 के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया था। 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 262.95 अंक या 1.06 प्रतिशत चढ़कर 25,088.40 पर बंद हुआ। दिन के दौरान इसमें 282.65 अंक या 1.13 प्रतिशत की वृद्धि हुई और यह 25,108.10 पर पहुंच गया।
ये भी पढ़ें : India-US Trade Deal : भारत और अमेरिका में व्यापार समझौता जल्द

