अब्दुल मजीद हकीम इलाही बोले- अमेरिका की मंशा शुरू से ही संदिग्ध
US Israel Iran War, तेल अवीव/तेहरान/वॉशिंगटन डीसी: भारत में ईरान के सुप्रीम लीडर के प्रतिनिधि अब्दुल मजीद हकीम इलाही ने कहा कि अमेरिका की मंशा शुरू से ही संदिग्ध रही है। अयोध्या में दिए बयान में इलाही ने कहा कि अमेरिका बातचीत नहीं करना चाहता, बल्कि दबाव बनाकर अपनी शर्तें मनवाना चाहता है। इलाही ने कहा कि ईरान युद्ध नहीं चाहता और शांति का समर्थन करता है, लेकिन अमेरिका का रवैया इसके विपरीत है। उन्होंने यह भी कहा कि एक तरफ अमेरिका होर्मुज स्ट्रेट को खुला रखने की बात करता है, वहीं दूसरी तरफ वहां नाकाबंदी कर रहा है।
पीस डील को लेकर दोनों देशों के बीच गुरुवार को हो सकती हैं बैठक
दूसरी तरफ अमेरिका और ईरान के बीच पीस डील को लेकर गुरुवार तक दूसरी बैठक होने की संभावना है। एपी की रिपोर्ट के मुताबिक दोनों देश आमने-सामने बातचीत के जरिए समाधान तलाशने की कोशिश कर रहे हैं, ताकि बढ़ते तनाव को खत्म किया जा सके।
इस्लामाबाद और जेनेवा में हो सकती है बैठक
बैठक के लिए इस्लामाबाद और जेनेवा संभावित स्थान हैं, हालांकि तारीख और जगह पर अंतिम फैसला होना बाकी है। इससे पहले इस्लामाबाद में हुई पहली बैठक 11 अप्रैल को बिना किसी समझौते के खत्म हो गई थी।
ये भी पढ़ें: अमेरिकी नाकेबंदी पर ईरान की यूएन से दखल की अपील

