
Jammu Kashmir Encounter News: जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। मजालता इलाके में बुधवार देर रात शुरू हुए आतंकवाद विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई। इसमें सुरक्षाबलों ने दो आतंकियों को मार गिराया है। मारे गए दोनों आतंकियों के कनेक्शन पाकिस्तान के आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से होने की आशंका है। सुरक्षाबलों को उधमपुर के मजालता इलाके के सोहन क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिली थी। इनपुट मिलने के बाद बुधवार रात इलाके को घेरकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। सुरक्षाबलों ने संभावित रास्तों और जंगलों को घेरते हुए तलाशी अभियान चलाया। अभियान के दौरान संदिग्ध आतंकियों से मुठभेड़ हो गई। मजालता का इलाका पहाड़ी और घने जंगलों वाला है।
रातभर चली कार्रवाई, सुबह मिले दो शव
रातभर चले अभियान के बाद गुरुवार सुबह तलाशी के दौरान दो आतंकियों के शव बरामद किए गए। सुरक्षाबलों ने घटनास्थल से हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किया है। दोनों आतंकियों की पहचान की जा रही है। घटनास्थल पर तलाशी और सुरक्षा अभियान जारी रखा गया है। अधिकारियों के हवाले से सामने आई जानकारी के अनुसार मारे गए दोनों आतंकियों के पाकिस्तान स्थित जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े होने की आशंका है। सुरक्षा एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि दोनों आतंकी उधमपुर के इस इलाके में कब से मौजूद थे और उनके संभावित नेटवर्क या मददगार कौन थे।
सेना, पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों की कार्रवाई
ऑपरेशन में सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम शामिल रही। राष्ट्रीय राइफल्स, पैरा स्पेशल फोर्सेज और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने मिलकर कार्रवाई की। अभियान में CRPF और पुलिस के स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप की भागीदारी की भी खबर है। सुरक्षाबलों ने इलाके में अतिरिक्त बल तैनात कर क्षेत्र की घेराबंदी की और तलाशी शुरू की। इसी दौरान आतंकियों से आमना-सामना हुआ और उन्हें मौत के घाट उतार दिया गया। दो आतंकियों के मारे जाने के बावजूद ऑपरेशन को तत्काल खत्म नहीं किया गया है। सुरक्षा बल आसपास के जंगलों और संभावित ठिकानों की तलाशी ले रहे हैं।
घने जंगल में चल रहा सुरक्षा बलों का एक्शन
मजालता और इसके आसपास के वन क्षेत्र पहले भी सुरक्षा एजेंसियों के लिए संवेदनशील रहे हैं। घने जंगल और कठिन भौगोलिक परिस्थितियां आतंकियों को छिपने और आवाजाही में मदद कर सकती हैं। इसी वजह से सुरक्षा बल इलाके में सघन तलाशी और निगरानी जारी रखे हुए हैं। पिछले कुछ समय से मजालता के खुबन और आसपास के वन क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों को लेकर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क थीं। बुधवार शाम संदिग्ध आवाजाही की सूचना मिलने के बाद अभियान तेज किया गया। इसके बाद सुरक्षाबलों ने संभावित मार्गों को चिन्हित कर क्षेत्र की घेराबंदी की और तलाशी शुरू की।
