भारतीय मुद्रा ने गुरुवार को लगाया 32 पैसे का गोता
Dollar vs Rupee (द भारत ख़बर), बिजनेस डेस्क : एक तरफ जहां गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार में क्रूड की कीमतों का असर सीधा दिखाई दिया और पूरा दिन यह लाल निशान पर काम करता रहा। वहीं भारतीय मुद्रा यानी रुपया भी दबाव में दिखाई दिया। गुरुवार को यह डॉलर के मुकाबले 32 पैसे कमजोर हुआ और दिन का कारोबार समाप्त होने के समय एक डॉलर की कीमत 95.20 रुपए पर पहुंच गई।
इसके साथ ही डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया सर्वकालिक निचले स्तर (आॅल-टाइम लो) पर आ गया है। इस भारी गिरावट के पीछे मुख्य रूप से अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें, मजबूत अमेरिकी डॉलर और पश्चिम एशिया में गहराता भू-राजनीतिक तनाव है। मुद्रा बाजार में मचे इस हाहाकार के बीच घरेलू शेयर बाजारों में भी भारी बिकवाली देखने को मिली है।
बुधवार को भी रुपये में आई थी गिरावट
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में गुरुवार को रुपया 95.01 पर खुला और जल्द ही 32 पैसे का गोता लगाकर 95.20 पर पहुंच गया। इससे पहले बुधवार को भी रुपया 20 पैसे गिरकर 94.88 के निचले स्तर पर बंद हुआ था। दरअसल, अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में कोई बदलाव न करने के फैसले और वाशिंगटन व तेहरान के बीच कूटनीतिक विवाद बढ़ने के कारण सुरक्षित निवेश के तौर पर अमेरिकी डॉलर की मांग में काफी इजाफा हुआ है। छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को मापने वाला डॉलर इंडेक्स भी 0.01 प्रतिशत की बढ़त के साथ 98.96 पर कारोबार कर रहा था।
इस तरह रहा शेयर बाजार का हाल
कच्चे तेल की कीमतों में बेतहाशा उछाल के कारण घरेलू बाजार में भारी बिकवाली हुई, जिससे बीएसई सेंसेक्स 582.86 अंक गिरकर 76,913.50 पर बंद हुआ। निफ्टी 180.10 अंक गिरकर 23,997.55 पर आ गया। गुरुवार को सेंसेक्स 914.12 अंकों की भारी गिरावट के साथ 76,582.24 पर खुला और दिन भर के उतार-चढ़ाव के बाद अंतत: 582.86 अंक (0.75 प्रतिशत) टूटकर 76,913.50 पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (ठरए) का निफ्टी 50 भी 278.45 अंक गिरकर 23,899.20 पर खुला था। कारोबार के अंत में यह 180.10 अंक (0.74 प्रतिशत) का गोता लगाकर 23,997.55 पर आ गया।
ये भी पढ़ें : US-Iran War Update : अमेरिका के लिए मुसीबत बन रहा ईरान युद्ध

