नई दिल्ली. मानसून का असर भी देश के कई हिस्सों में देखने को मिल रहा है. दक्षिण-पश्चिम मानसून अभी भी सक्रिय है. मौसम विभाग (IMD) की तरफ से जताए पूर्वानुमान में केरल, ओडिशा समेत कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की उम्मीद जताई जा रही है. अगर बात उत्तर भारत के कई हिस्सों की करें तो यहां मानसून की वापसी शुरू हो गई है. इसके चलते दिल्ली-NCR समेत आसपास के इलाकों में फिलहाल तेज बारिश की संभावना नहीं है.
देश की राजधानी दिल्ली और इससे सटे इलाके नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद और फरीदाबाद में मंगलवार को मौसम के शुष्क रहने की संभावना है. IMD ने देश के इन हिस्सों में बारिश की आशंका ना के बराबर बताई जा रही है. उत्तर-पश्चिम भारत से मानसून की वापसी की वजह से अगले कुछ दिनों में बादल के जमकर बरसने की संभावना बन रही है.
देश की आर्थिक राजधानी महाराष्ट्र के कोंकण क्षेत्र में बारिश का सिलसिला अगले कुछ दिन अभी जारी रह सकता है. मंगलवार, 22 सितंबर को भी मुंबई, ठाणे, नवी मुंबई, पनवेल, कल्याण, भिवंडी, वसई-विरार और रायगढ़ के कई हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है. मुंबई से सटे गोवा के इलाकों में भी इसी तरह का मौसम रहने का अनुमान है. मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा के पुणे, नासिक, अहमदनगर, सोलापुर, सांगली, सातारा, कोल्हापुर, धुले, जलगांव, नांदेड, लातूर, बीड, परभणी, जालना और अन्य इलाकों में आज कहीं-कहीं बारिश हो सकती है. कोंकण और गोवा में मौसम विभाग ने भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया गया है.
केरल में अगले तीन दिन में बारिश को लेकर आशंका जताई जा रही है. 22 से लेकर 25 सितंबर तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. पठानमथिट्टा, कोट्टायम, अलप्पुझा, एर्नाकुलम, इडुक्की और त्रिशूर में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है.
बंगाल की खाड़ी में बने गहरे दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से ओडिशा के कई हिस्सों में भारी बारिश का अनुमान है. मौसम विभाग की तरफ से 22 और 23 सितंबर को कंधमाल, गजपति, गंजाम और पुरी में अत्यधिक भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है. बताया जा रहा है कि 24 सितंबर को कालाहांडी, कंधमाल और रायगढ़ा में भी बादल जमकर बरसेंगे. लोगों को जरूर काम ना होने पर घर में ही रहने की सलाह दी गई है.
बात करें पहाड़ी राज्यों की तो हिमाचल प्रदेश के कुछ भागों में बारिश के आसार है. मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 22 सितंबर को दिन में धूप खिलने का अनुमान लगाया है. राज्य में कुछ जगहों पर हल्की बारिश होने की संभावना है. लगभग सभी इलाकों का मौसम शुष्क बने रहने की संभावना जताई जा रही है.

